डोंगरगढ़ (विश्व परिवार)। राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ थाना क्षेत्र में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। जहां एक 8 वर्षीय बच्चे ने एक बिरयानी सेंटर के सामने खड़ी मोटरसाइकिल में पेट्रोल डालकर आग लगा दी। यह पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वायरल फुटेज में एक बालक खड़ी मोटरसाइकिल के पास पहुंचता दिखाई देता है। कुछ देर बाद वह बाइक से पेट्रोल निकालकर उसी पर छिड़क देता है और आग लगा देता है। देखते ही देखते मोटरसाइकिल आग की लपटों में घिर जाती है। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गया।
घटना का वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने भी इस तरह की घटना पर आश्चर्य व्यक्त किया है। प्रारंभिक तौर पर लोगों को किसी शातिर बदमाश की करतूत होने की आशंका थी, लेकिन पुलिस जांच में मामला कुछ अलग ही निकला।
डोंगरगढ़ एसडीओपी केसरी नंदन नायक ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आग लगाने वाले बालक की पहचान कर ली गई है। जांच में पता चला कि वह महज 8 वर्ष का नाबालिग है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बालक मानसिक रूप से अस्वस्थ है।
पुलिस ने बालक के परिजनों को थाने बुलाकर समझाइश दी है और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक सावधानी बरतने के निर्देश दिए हैं। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर ली गई है।
यह घटना एक बार फिर सार्वजनिक स्थानों पर खड़े वाहनों की सुरक्षा और निगरानी को लेकर सवाल खड़े करती है। साथ ही यह भी दर्शाती है कि थोड़ी सी लापरवाही या असावधानी किस तरह बड़े हादसे का कारण बन सकती है। वायरल वीडियो को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।







