देशनई दिल्ली

सपा प्रमुख अखिलेश यादव के भाई प्रतीक यादव का निधन, 38 साल की उम्र में मौत

नई दिल्ली (विश्व परिवार)। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के छोटे भाई प्रतीक यादव का बुधवार को निधन हो गया। उनकी उम्र 38 साल थी। सुबह 6 बजे पत्नी अपर्णा यादव के भाई अमन सिंह बिष्ट उन्हें लखनऊ के सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सिविल अस्पताल के चीफ मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. डीसी पांडेय के मुताबिक, जब प्रतीक को लाया गया, तब उनकी पल्स पूरी तरह डाउन थी। हार्ट भी रुक चुका था।
प्रतीक की पत्नी भाजपा नेता अपर्णा असम में थीं। वह सीएम हिमंता बिस्वा सरमा के शपथ ग्रहण में गई थीं। थोड़ी देर में लखनऊ पहुंच रहीं हैं। अभी प्रतीक की मौत की वजह पता नहीं चल सकी है। शव का पोस्टमॉर्टम किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी, यानी KGMU में कराया गया। यहां से शव प्रतीक के घर ले जाया जाएगा।
सूत्रों के मुताबिक, प्राथमिक रिपोर्ट में शरीर पर किसी भी तरह के चोट के निशान नहीं है। विसरा सुरक्षित रख लिया गया है। इससे पहले, अखिलेश यादव भी पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंचे। छोटे भाई का शव देखा। प्रतीक के ड्राइवर को बुलाकर अंदर बातचीत की। बाहर आकर कहा- यह दुखद है कि वे आज हमारे बीच नहीं हैं। परिवार के लोग जो कहेंगे, हम मानेंगे।
प्रतीक की पहले मंगलवार रात 11 बजे तबीयत बिगड़ी थी। तब भी उन्हें सिविल अस्पताल लाया गया था। हालांकि, कुछ देर बाद उन्हें आराम मिला तो वह घर चले गए थे। इससे पहले, 30 अप्रैल को प्रतीक को गंभीर हालत में लखनऊ के निजी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। 3 दिन बाद उन्हें थोड़ा आराम मिला।
इसके बाद वे बिना छुट्टी के घर चले गए थे। डॉक्टर्स के मुताबिक, वो फेफड़े की गंभीर बीमारी पल्मोनरी एम्बोलिज्म की चपेट में थे। इसमें खून का थक्का फेफड़ों की नसों में फंसकर ब्लड सर्कुलेशन को रोक देता है।
प्रतीक, मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे थे। साधना गुप्ता की पहली शादी 1986 में चंद्रप्रकाश गुप्ता से हुई थी। 1987 में प्रतीक का जन्म हुआ। 1990 में चंद्र प्रकाश गुप्ता और साधना का तलाक हो गया। इसी दौरान साधना और मुलायम की करीबी हो गई। 2003 में मुलायम सिंह ने साधना गुप्ता से शादी कर ली और सार्वजनिक तौर पर प्रतीक को बेटे का हक दिया था।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts