- प्रदेश मंत्री अमित साहू ने कहा : ‘मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन’ और 100 करोड़ रुपये का प्रावधान प्रदेश के युवाओं के सपनों को देगा नई उड़ान
रायपुर (विश्व परिवार)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मंत्री अमित साहू ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार द्वारा राज्य में खेलों के विकास और युवा प्रतिभाओं को तराशने के लिए लिये गये निर्णयों का स्वागत कर उप मुख्यमंत्री/खेल व युवा कल्याण मंत्री अरुण साव द्वारा की गई घोषणाओं को राज्य के खेल इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय बताया है। श्री साहू ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा चालू वित्तीय वर्ष में ‘मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन’ के लिए 100 करोड़ रुपये और ‘छत्तीसगढ़ क्रीड़ा प्रोत्साहन योजना’ के लिए 57 करोड़ रुपये का प्रावधान करना इस बात का प्रत्यक्ष प्रमाण है कि भाजपा सरकार प्रदेश के युवाओं को राष्ट्रीय और अन्तरराष्ट्रीय मंचों पर चमकाने के लिए संकल्पबद्ध है।
भाजपा प्रदेश मंत्री श्री साहू ने कहा कि जशपुर जिले में 18 करोड़ रु. की लागत से बन रही आर्चरी (तीरंदाजी) अकादमी और नवा रायपुर अटल नगर में दो चरणों में निर्मित हो रहे मल्टी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स (फेज-1 : 114.05 करोड़ एवं फेज-2 : 94.69 करोड़ रुपये) से प्रदेश के खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय सुविधाएँ और प्रशिक्षण अपने ही राज्य में उपलब्ध होगा। इसी तरह बस्तर ओलंपिक के सफल आयोजन के बाद इस वर्ष से ‘सरगुजा ओलंपिक’ की शुरुआत वनांचल एवं आदिवासी क्षेत्रों के बच्चों व युवाओं को खेल के मैदानों तक लाने और उनकी प्रतिभा को निखारने का एक ऐतिहासिक कदम है। राज्य की खेल अकादमियों में विश्वस्तरीय प्रशिक्षण सुनिश्चित करने के लिए 14 प्रशिक्षकों को पटियाला भेजना तथा 6 नए जिलों में खेल अधिकारियों के पदों का सृजन, 44 प्रशिक्षकों एवं 4 जिला खेल अधिकारियों की भर्ती प्रक्रिया से खेल जगत से जुड़े युवाओं को रोजगार व मार्गदर्शन दोनों मिलेगा। राज्य निर्माण के समय खेल एवं युवा कल्याण विभाग का बजट मात्र 4 करोड़ रुपये था, जो आज बढ़कर 304 करोड़ रुपये तक पहुँच गया है। खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स की सफल मेजबानी के बाद अब छत्तीसगढ़ में हॉकी लीग का आयोजन राज्य को देश के खेल मानचित्र पर एक नई पहचान दिलाएगा। श्री साहू ने इन जनहितैषी और खेल-समर्पित योजनाओं के लिए मुख्यमंत्री श्री साय और उपमुख्यमंत्री श्री साव का आभार व्यक्त करते हुए प्रदेश के समस्त खिलाड़ियों और युवाओं को बधाई दी।







