छत्तीसगढ़बिलासपुर

आवारा कुत्तों का आतंक: 16 लोग घायल, अस्पताल में एंटी-रेबीज इंजेक्शन, कुत्ते अब तक पकड़ से बाहर

तखतपुर (विश्व परिवार)। तखतपुर क्षेत्र में गुरुवार सुबह आवारा और संदिग्ध रूप से पागल कुत्तों ने जमकर आतंक मचाया। कुत्तों ने एक के बाद एक कई लोगों को काटकर घायल कर दिया, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, कुत्तों ने नगर क्षेत्र के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण इलाकों भथरी और पचबहरा में भी लोगों पर हमला किया। हमलों के बाद अब तक बच्चों समेत 16 घायल लोग तखतपुर से लगभग 7 किलोमीटर दूर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचे, जहां उनका इलाज किया गया।
16 मरीज पहुंचे अस्पताल, लगाए गए एंटी-रेबीज इंजेक्शन
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अनुसार गुरुवार को कुल 16 लोग कुत्तों के काटने की शिकायत लेकर पहुंचे। सभी को एंटी-रेबीज इंजेक्शन लगाया गया। वहीं जिन मरीजों के घाव गंभीर थे, उन्हें सीरम (Serum) देने की आवश्यकता थी, लेकिन अस्पताल में सीरम उपलब्ध नहीं होने के कारण केवल इंजेक्शन लगाकर उन्हें भेज दिया गया।
कुत्तों को अभी तक नहीं पकड़ा गया
प्राप्त जानकारी के मुताबिक अभी तक हमलावर कुत्तों को काबू में नहीं किया जा सका है। यह भी आशंका जताई जा रही है कि इस घटना में एक से अधिक आवारा कुत्ते शामिल हैं, जो लगातार इलाके में घूमकर लोगों को निशाना बना रहे हैं।
स्वास्थ्य विभाग सतर्क
डॉक्टर राज किरण शर्मा ने बताया कि गुरुवार को आए सभी 16 मरीजों का इलाज कर एंटी-रेबीज वैक्सीन दी गई है। प्रशासन और स्थानीय लोगों में लगातार बढ़ते कुत्तों के हमलों को लेकर चिंता बढ़ गई है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts