छत्तीसगढ़रायपुर

“संस्कृति, शिक्षा और स्वास्थ्य को संबल”, सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने 254 हितग्राहियों को वितरित किए करीब 25 लाख रुपए के अनुदान

रायपुर (विश्व परिवार)। रायपुर सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल ने समाज के विभिन्न वर्गों को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए 254 हितग्राहियों को संस्थागत अनुदान राशि के चेक वितरित किए। शिक्षा, स्वास्थ्य के लिए व्यक्तिगत हितग्राहियों के साथ ही रामायण मंडली, भजन मंडली एवं जसगीत मंडलियों से जुड़े संस्थानों और समूहों को कुल लगभग 25 लाख रुपए की अनुदान राशि के चेक प्रदान किए गए।
इस अवसर पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि समाज का वास्तविक विकास तभी संभव है जब शिक्षा, स्वास्थ्य और हमारी सांस्कृतिक परंपराएं समान रूप से मजबूत हों। रामायण, भजन और जसगीत जैसी लोक एवं धार्मिक परंपराएं हमारी सांस्कृतिक पहचान हैं, जिन्हें सहेजना और आगे बढ़ाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
श्री बृजमोहन ने कहा कि कई परिवार आर्थिक अभाव के कारण बच्चों की पढ़ाई और इलाज जैसी मूलभूत जरूरतों को पूरा करने में कठिनाई महसूस करते हैं। ऐसे समय में समाज और शासन का दायित्व है कि वे जरूरतमंदों के साथ खड़े रहें।
उन्होंने कहा कि किसी बच्चे की शिक्षा बाधित न हो और किसी जरूरतमंद का इलाज पैसों के अभाव में न रुके, यही प्रयास निरंतर किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार लगातार समाज के हर वर्ग तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। जरूरतमंद संस्थाओं और मंडलियों को यह सहयोग उनके कार्यों को नई ऊर्जा देगा तथा सामाजिक जागरूकता और सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूती प्रदान करेगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts