छत्तीसगढ़रायपुर

17 सितम्बर से 02 अक्टूबर तक ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान

  • 21 एवं 22 सितम्बर को रायपुर रेल मंडल में “स्वच्छ स्टेशन, स्वच्छ रेलगाड़ी एवं स्वच्छ सार्वजनिक स्थल” अभियान

रायपुर (विश्व परिवार)। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, रायपुर रेल मंडल द्वारा स्वच्छता ही सेवा अभियान के अंतर्गत 21 एवं 22 सितम्बर को “स्वच्छ स्टेशन, स्वच्छ रेलगाड़ी एवं स्वच्छ सार्वजनिक स्थल” विषय पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान स्टेशनों, ट्रेनों एवं रेलवे परिसरों में स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए व्यापक स्तर पर गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
प्रमुख स्टेशनों पर विशेष स्वच्छता अभियान
प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर गहन स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। सफाई कार्य में उपयोग होने वाली क्लीनिंग मशीनों, उपकरणों एवं संयंत्रों की उपलब्धता तथा कार्यशीलता की जांच की जा रही है। सफाई कर्मचारियों को आवश्यक पर्सनल प्रोटेक्टिव इक्विपमेंट (PPE) उपलब्ध कराने तथा उनके उचित उपयोग पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
अन्य स्टेशनों पर भी व्यापक सफाई
प्रमुख स्टेशनों के अलावा अन्य स्टेशनों पर भी विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। स्टेशनों पर गीले एवं सूखे कचरे के लिए अलग-अलग डस्टबिन की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। यात्रियों एवं आमजन को कचरा निर्धारित डस्टबिन में डालने के लिए जागरूक किया जा रहा है तथा प्लास्टिक-मुक्त प्लेटफॉर्म के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
“स्वच्छ रेलगाड़ी” – ट्रेनों की गहन जांच
अभियान के अंतर्गत चिन्हित एवं विशेष ट्रेनों का अधिकारियों एवं पर्यवेक्षकों की टीम द्वारा गहन निरीक्षण किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान ट्रेनों के शौचालयों, कोच के अंदर एवं बाहर की स्वच्छता, लिनेन की गुणवत्ता तथा OBHS ट्रेनों में पेंट्री कार की स्वच्छता की विशेष रूप से जांच की जा रही है। कमियों को तत्काल दूर करने के लिए संबंधित एजेंसियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए जा रहे हैं।
नालियों एवं शौचालयों की सफाई पर विशेष जोर
स्टेशनों पर नालियों एवं शौचालयों की गहन सफाई कराई जा रही है। जहां-जहां सौर ऊर्जा आधारित उपकरण स्थापित हैं, उनकी कार्यशीलता की भी जांच की जा रही है तथा उन्हें सुचारू रूप से संचालित रखने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
रेलवे कार्यालयों में भी स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा दिया जा रहा है। बैठकों एवं कार्यालयीन गतिविधियों में डिस्पोजेबल वस्तुओं के उपयोग को कम करने के लिए पुनः उपयोग किए जा सकने वाले पानी के बोतल एवं कप के इस्तेमाल को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
रायपुर रेल मंडल द्वारा यात्रियों, कर्मचारियों एवं आमजन से अपील की गई है कि वे रेलवे परिसरों को स्वच्छ रखने में सक्रिय सहयोग करें, कचरा निर्धारित डस्टबिन में ही डालें तथा प्लास्टिक के अनावश्यक उपयोग से बचें। सामूहिक सहभागिता से ही स्वच्छ स्टेशन, स्वच्छ रेलगाड़ी और स्वच्छ सार्वजनिक स्थल के लक्ष्य को प्रभावी रूप से प्राप्त किया जा सकता है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts