भिलाईनगर (विश्व परिवार)। नगर पालिक निगम भिलाई द्वारा बारिश के मौसम में होने वाली मौसमी बीमारियों, विशेषकर डेंगू एवं मलेरिया की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमों को सक्रिय किया गया है। निगम क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा घर-घर एवं आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण कर जमा पानी की जांच की जा रही है। जहां भी पानी जमा पाया जा रहा है, उसे खाली कराने के साथ ही लार्वा नियंत्रण के लिए आवश्यक दवाओं का छिड़काव किया जा रहा है।
निगम की स्वास्थ्य टीमों द्वारा नागरिकों के घरों के आसपास रखे कूलर, गमले, पुराने टायर, पानी की टंकियों तथा नालियों का निरीक्षण किया जा रहा है। इन स्थानों पर जमा पानी में मच्छरों के लार्वा पनपने की संभावना को देखते हुए टेमीफास एवं जला हुआ ऑयल का छिड़काव किया जा रहा है। इसके साथ ही ऐसे स्थानों की नियमित निगरानी भी की जा रही है, जहां बारिश के कारण पानी जमा होने की संभावना रहती है। स्वास्थ्य विभाग की टीम नागरिकों को भी जागरूक कर रही है कि वे अपने घरों एवं आसपास पानी जमा न होने दें। कूलर का पानी नियमित रूप से खाली कर उसकी सफाई करें, गमलों एवं पुराने टायरों में पानी जमा न होने दें तथा पानी की टंकियों को ढंककर रखें। छोटी-सी सावधानी अपनाकर मच्छरों के प्रजनन को रोका जा सकता है।
निगम प्रशासन द्वारा बारिश के दौरान डेंगू, मलेरिया सहित अन्य मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए वार्ड स्तर पर लगातार अभियान चलाया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की टीमों को जलजमाव वाले संभावित स्थानों की पहचान कर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। निगम का उद्देश्य समय रहते मच्छरों के लार्वा को नष्ट कर संक्रमण की संभावना को कम करना तथा नागरिकों को सुरक्षित एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराना है। निगम ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने घरों एवं आसपास कहीं भी पानी जमा न होने दें और स्वास्थ्य विभाग की टीमों के निरीक्षण एवं दवा छिड़काव में सहयोग करें। सामूहिक प्रयास से ही डेंगू एवं मलेरिया जैसी मच्छरजनित बीमारियों पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सकता है।






