रायपुर

देवेन्द्र नगर मुक्तिधाम से कपड़ा मार्केट पंडरी रोड अब ‘अयोध्या प्रसाद जैन मार्ग’

रायपुर (विश्व परिवार)। रायपुर नगर पालिक निगम के द्वारा मुक्तिधाम देवेंद्र नगर से पंडरी कपड़ा मार्केट तक के मार्ग का नामकरण अब अमर स्वतंत्रता सेनानी अयोध्या प्रसाद जैन के नाम से कर दिया गया है। इस उपलक्ष में अजय जैन परिवार के द्वारा रविवार 16 अगस्त को विमतारा सभागृह में एक अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया जिसमें स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी संघ एवं जैन समाज के लोगों के द्वारा नगर पालिक निगम का आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर महापौर को ‘भारत गौरव’ सभापति को ‘स्वातंत्र्य गौरव’ एवं अमर गिदवानी, महेंद्र खोडियार तथा सविता पाठक को ‘जय भारत सम्मान’ से अलंकृत किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए संयोजक कैलाश रारा ने बताया कि देश के स्वतंत्रता आंदोलन में 5000 जैन वीरों ने भाग लिया तथा पहली फांसी हांसी के लाला हुकुमचंद एवं उनके 13 वर्षीय भतीजे फकीरचंद जैन को हुई। कर्मचारी नेता एवं निगम के पूर्व राजस्व विभाग अध्यक्ष अरुण दुबे ने आजादी की लड़ाई में जलियांवाला बाग से लेकर भगत सिंग, राजगुरु, सुखदेव तथा नेताजी सुभाष बोस जैसे देश भक्तों के बलिदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने बताया कि राज्य सरकार के द्वारा शहीद स्मारक भवन के रिनोवेशन के लिए 50 लाख रुपए स्वीकृत किए गए हैं। अब किसी सीनियर सिटीजन को सीढ़ियां नहीं चढ़ाना पड़ेगा, स्मारक में लिफ्ट की सुविधा मिलेगी। सभापति सूर्यकांत राठौर ने कहा कि नगर पालिक निगम रायपुर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उत्तराधिकारी संघ की हर बात को गंभीरता से सुनते हुए उनकी मांगों पर तत्परता से कार्यवाही करेगा। मंच संचालिका श्रीमती ममता जैन ने पुण्यतिथि 16 अगस्त पर ‘भारत रत्न’ अटलबिहारी वाजपेयी जी को श्रद्धापूर्वक स्मरण किया। कार्यक्रम में मंगलाचरण कवि राजेश जैन ‘राही’ के द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी संघ की संरक्षिका श्रीमती सविता पाठक, राजेंद्र उमाठे, दिगंबर जैन खंडेलवाल पंचायत के अध्यक्ष अरविंद बड़जात्या, अग्रवाल समाज के महेंद्र बागरोदिया, नवीन अग्रवाल, माहेश्वरी समाज से बबीता नत्थानी, कान्यकुब्ज ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष सुरेश मिश्रा, प्रभात मिश्रा, पत्रकार अनिरुद्ध दुबे, अनुराग जैन, महेश दुबे, डॉ. अक्षत जैन, डॉ. मंजू नेभानी, शोभा मेहता, कुसुम जैन, पवन रारा, मनीष पाटनी, अनिल काला, अरिहंत जैन, वीर जैन, शुभांगी आप्टे, सी.एल. महावार, मुरली खंडेलवाल, सुनील बाजारी, अजय सोनी, पी.आर. अहीर प्रोफेसर अनामिका मोदी, सेवानिवृत्त डिप्टी कमिश्नर वाणिज्यकर शंकर लाल शर्मा, डॉ. श्याम नेभानी, डॉ. राजेश्वरी नेभानी, मोहन नेभानी, भूपेन्द्र मेहता एवं नायडू जी की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।
अंत में आयोजक अजय जैन के द्वारा आभार प्रदर्शन के पश्चात राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts