छत्तीसगढ़डोंगरगढ़

पट्टा मांग को लेकर सुशासन तिहार में हंगामा, भवन में जड़ा ताला, पुलिस ने संभाला मोर्चा

डोंगरगढ़ (विश्व परिवार)। डोंगरगढ़ नगर के वार्ड क्रमांक-5 स्थित आम्बेडकर भवन में आयोजित सुशासन तिहार उस वक्त हंगामे में बदल गया, जब वर्षों से पट्टा वितरण की मांग कर रहे स्थानीय निवासियों ने कार्यक्रम का विरोध शुरू कर दिया. आक्रोशित वार्डवासियों ने भवन में ताला जड़कर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. स्थानीय लोगों का आरोप है कि लंबे समय से पट्टा नहीं मिलने के कारण वे प्रधानमंत्री आवास योजना सहित कई शासकीय योजनाओं के लाभ से वंचित हैं. कई बार आवेदन और मांग के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने से लोगों में भारी नाराजगी है।
बताया जा रहा है कि करीब डेढ़ घंटे तक आम्बेडकर भवन में ताला बंद रहा, जिससे कार्यक्रम पूरी तरह प्रभावित हो गया. स्थिति बिगड़ते देख मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया. इसके बाद पुलिस ने हस्तक्षेप करते हुए बल प्रयोग के बीच ताला खुलवाया. घटना के दौरान माहौल काफी तनावपूर्ण बना रहा।
जानकारी के अनुसार पुलिस लगभग सौ लोगों को अपने साथ थाना डोंगरगढ़ लेकर गई, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है. घटना के बाद पूरे क्षेत्र में प्रशासनिक कार्रवाई और पुलिस की भूमिका को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है. स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते पट्टा संबंधी मांगों पर कार्रवाई की जाती, तो सुशासन तिहार के दौरान ऐसी स्थिति निर्मित नहीं होती. वहीं प्रशासन की ओर से मामले को लेकर आधिकारिक बयान का इंतजार किया जा रहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts