छत्तीसगढ़रायपुर

सुशासन तिहार शिविर में हंगामा, नगर पालिका अध्यक्ष की अधिकारियों से तीखी बहस

रायपुर (विश्व परिवार)। रायपुर के मंदिर हसौद में सुशासन तिहार शिविर में नगर पालिका अध्यक्ष की अधिकारियों के साथ बहसबाजी हो गई। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें नगर पालिका अध्यक्ष सुशासन तिहार में अव्यवस्था को लेकर नाराजगी जाहिर करते नजर आ रहे हैं। नगर पालिका अध्यक्ष का आरोप है कि उन्होंने जनता के मुद्दों पर सवाल उठाया तो उन्हें मंच से उतारे जाने की कोशिश की गई। इस बदसलूखी के बाद अध्यक्ष के समर्थकों ने नारेबाजी चालू कर दी।
इस मामले में मंदिर हसौद नगर पालिका अध्यक्ष गोपाल चतुर्वेदी का कहना है कि कार्यक्रम में अधिकारियों ने प्रोटोकॉल का पालन नहीं किया। इसके अलावा शिविर में कई लोग अपनी समस्याओं को लेकर पहुंचे थे लेकिन अधिकारियों द्वारा उनकी बात नहीं सुनी जा रही थी। उन्होंने इसका विरोध किया। इसके बाद अधिकारी मंच से नीचे उतरने के लिए कहने लगे। फिलहाल नगर पालिका अध्यक्ष का कहना है कि वह इसकी शिकायत कलेक्टर से करेंगे।
शिविर में कुल 381 आवेदन मिले
सुशासन तिहार 2026 के तहत सोमवार को आरंग के मंदिर हसौद में जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी समस्याओं और आवश्यक सेवाओं से जुड़े आवेदन लेकर पहुंचे थे। शिविर में कई विभागों के अधिकारियों ने लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की।
शिविर में कुल 381 आवेदन मिले, जिनमें से 78 आवेदनों का तत्काल निराकरण किया गया। इनमें राशन कार्ड, आधार कार्ड, श्रम कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और अन्य जरूरी दस्तावेजों से संबंधित प्रकरण प्रमुख रहे। मौके पर ही समस्याओं का समाधान होने से ग्रामीणों में संतोष और उत्साह का माहौल देखने को मिला।
हितग्राहियों को मिला विभिन्न योजनाओं का लाभ
शिविर में विभिन्न विभागों की तरफ से जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। मनरेगा जॉब कार्ड, श्रम कार्ड और उनके नवीनीकरण के साथ ड्राइविंग लाइसेंस वितरण की प्रक्रिया पूरी की गई।
महिला एवं बाल विकास विभाग ने 14 हितग्राहियों को लाभान्वित किया, जबकि कृषि विभाग ने 3 किसानों को खाद-बीज वितरित किए। परिवहन विभाग ने 3 लोगों को लर्निंग लाइसेंस प्रदान किए और समाज कल्याण विभाग ने 22 पेंशन प्रकरणों का निराकरण किया।
शिविर में विभिन्न विभागों की तरफ से जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया।
राशन कार्ड, उज्ज्वला कनेक्शन और आवास की चाबी वितरित
खाद्य विभाग ने 50 राशन कार्ड और 3 उज्ज्वला कनेक्शन वितरित किया। स्वास्थ्य विभाग ने 5 आयुष्मान कार्ड बनाए। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के 12 हितग्राहियों को आवास की चाबी सौंपी गई।
इस अवसर पर एडीएम उमाशंकर बंदे, एसडीएम अभिलाषा पैकरा, मुख्य नगर पालिका अधिकारी पूजा पिल्ले सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts