छत्तीसगढ़रायपुर

एम्स रायपुर के तृतीय दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि होंगे भारत के उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन

रायपुर  (विश्व परिवार)। एम्स रायपुर के कार्यपालक निदेशक एवं सीईओ लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) अशोक जिंदल ने अपनी धर्मपत्नी उषा जिंदल के साथ नई दिल्ली में भारत के माननीय उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन से शिष्टाचार भेंट की तथा उन्हें 2 सितम्बर 2026 को आयोजित होने वाले एम्स रायपुर के तृतीय दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पधारने हेतु औपचारिक आमंत्रण दिया।
इस सौहार्दपूर्ण मुलाकात के दौरान लेफ्टिनेंट जनरल जिंदल ने माननीय उपराष्ट्रपति को पिछले कुछ वर्षों में एम्स रायपुर द्वारा रोगी सेवा, चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार, डिजिटल स्वास्थ्य तथा जनस्वास्थ्य के क्षेत्र में प्राप्त उल्लेखनीय उपलब्धियों से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि एम्स रायपुर आज देश के अग्रणी तृतीयक स्वास्थ्य संस्थानों में अपनी विशिष्ट पहचान बना चुका है। साथ ही उन्होंने रोबोटिक सर्जरी, किडनी प्रत्यारोपण, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (Artificial Intelligence) आधारित स्वास्थ्य अनुसंधान, बायोमेडिकल नवाचार तथा विभिन्न शैक्षणिक एवं अनुसंधान संबंधी उपलब्धियों की भी जानकारी दी।
माननीय उपराष्ट्रपति ने छत्तीसगढ़ एवं मध्य भारत में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने में एम्स रायपुर के महत्वपूर्ण योगदान की सराहना की। उन्होंने विशेष रूप से आयुष्मान भारत तथा अन्य सरकारी स्वास्थ्य बीमा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में संस्थान की भूमिका की प्रशंसा की।
आमंत्रण स्वीकार करते हुए माननीय उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने एम्स रायपुर के तृतीय दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित होने की सहमति प्रदान की तथा स्नातक होने वाले विद्यार्थियों, संकाय सदस्यों एवं पूरे एम्स रायपुर परिवार को अपनी शुभकामनाएँ दीं।
यह दीक्षांत समारोह संस्थान की शैक्षणिक यात्रा का एक महत्वपूर्ण पड़ाव होगा, जिसमें स्नातक, स्नातकोत्तर, सुपर स्पेशियलिटी, पीएच.डी. तथा संबद्ध स्वास्थ्य विज्ञान (Allied Health Sciences) के विद्यार्थियों को प्रतिष्ठित अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति में उपाधियाँ प्रदान की जाएँगी।
भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय तथा रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय में राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल भी स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से विशिष्ट अतिथि (Guest of Honour) के रूप में एम्स रायपुर के तृतीय दीक्षांत समारोह की शोभा बढ़ाएँगी।
2 सितम्बर 2026 को आयोजित होने वाले इस तृतीय दीक्षांत समारोह में अनेक गणमान्य अतिथियों, संकाय सदस्यों, स्नातक होने वाले विद्यार्थियों, पूर्व छात्रों (Alumni) तथा आमंत्रित अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। यह समारोह स्वास्थ्य सेवा, चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान और नवाचार के क्षेत्र में उत्कृष्टता की दिशा में एम्स रायपुर की यात्रा का एक और महत्वपूर्ण अध्याय सिद्ध होगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts