रायपुर से लगे नेशनल हाईवे-53 पर शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया। आरंग थाना क्षेत्र के पारागांव के पास तेज रफ्तार हाईवा वाहन ने बाइक सवारों को पीछे से टक्कर मार दी, जिसमें तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में पिता मंगलू जलक्षत्री और उनका छह वर्षीय मासूम बेटा तिलक जलक्षत्री शामिल हैं, जबकि तीसरे व्यक्ति की भी जान चली गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार तीनों लोग सुबह बाइक से मछली पकड़ने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार हाईवा ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयावह थी कि बाइक पूरी तरह चकनाचूर हो गई और तीनों सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और शव क्षत-विक्षत हालत में सड़क पर पड़े मिले।
दुर्घटना के तुरंत बाद हाईवा चालक वाहन को घटनास्थल पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही आरंग पुलिस मौके पर पहुंची, शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और हाईवा को जब्त कर लिया गया। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी हुई है।
इस हादसे के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने नेशनल हाईवे-53 पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार को हादसों की बड़ी वजह बताते हुए प्रशासन से कड़ी कार्रवाई और सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।





