कोंडागांव (विश्व परिवार)। जिले के कोकोड़ी स्थित मक्का प्लांट में आधी रात उस समय हंगामा मच गया, जब लंबे समय से परेशान ग्रामीणों का गुस्सा अचानक फूट पड़ा। नाराज़ लोगों ने प्लांट में घुसकर जमकर तोडफ़ोड़ की, जिससे इलाके में तनाव की स्थिति बन गई है।
ग्रामीणों का आरोप है कि प्लांट से निकलने वाली गंदगी और तेज बदबू से उनका जनजीवन प्रभावित हो रहा था। कई बार शिकायत और आवेदन देने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से नाराज़ होकर उन्होंने यह कदम उठाया।
बताया जा रहा है कि इससे पहले भी ग्रामीणों ने कई बार विरोध प्रदर्शन किया था, लेकिन हर बार उन्हें सिर्फ आश्वासन ही मिला। इसी से आक्रोशित होकर गुरुवार और शुक्रवार की दरमियानी रात लोगों ने उग्र रूप ले लिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे, लेकिन स्थिति इतनी तनावपूर्ण थी कि ग्रामीणों ने पुलिस को भी प्लांट के अंदर जाने से रोक दिया।
फिलहाल इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है और हालात पर काबू पाने के लिए जगदलपुर से अतिरिक्त फोर्स भी बुलाई गई है। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और हालात को सामान्य करने की कोशिश जारी है।





