छत्तीसगढ़रायपुर

अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय में आर्थिक गड़बड़ी: उप कुलसचिव शैलेंद्र दुबे निलंबित

रायपुर (विश्व परिवार)। अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय, बिलासपुर में वित्तीय अनियमितताओं के मामले में बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की गई है। उच्च शिक्षा विभाग ने तत्कालीन कुलसचिव एवं वर्तमान उप कुलसचिव शैलेंद्र दुबे को निलंबित कर दिया है। इस संबंध में मंत्रालय द्वारा आधिकारिक आदेश जारी किया गया है।
जानकारी के अनुसार, विश्वविद्यालय में खरीद-फरोख्त की प्रक्रिया में गड़बड़ी और वित्तीय अनियमितताओं की शिकायत मिलने के बाद जांच कराई गई थी। जांच समिति की रिपोर्ट में सामग्री खरीदी में गंभीर अनियमितताएं उजागर हुईं। विशेष रूप से सरकारी ई-मार्केटप्लेस (त्रद्गरू) पोर्टल के माध्यम से की गई खरीद में नियमों के उल्लंघन और प्रक्रिया में खामियां पाई गईं।
जांच रिपोर्ट के आधार पर उच्च शिक्षा विभाग ने यह कड़ी कार्रवाई की है। आदेश में यह भी उल्लेख किया गया है कि निलंबन अवधि के दौरान शैलेंद्र दुबे को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।
साथ ही, इस मामले में विस्तृत विभागीय जांच भी कराई जाएगी। यदि जांच में दोष सिद्ध होता है, तो आगे की कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि वित्तीय पारदर्शिता और अनुशासन बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया है।
इस कार्रवाई के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन में हलचल का माहौल बना हुआ है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts