बिलासपुर (विश्व परिवार)। पुलिस परिवार की बेटियों ने अपनी प्रतिभा से एक बार फिर विभाग का नाम रोशन किया है। सिविल जज परीक्षा में चयनित स्वाति पैकरा और मेडिकल क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धि हासिल करने वाली संध्या कौशिक को पुलिस अधिकारियों ने सम्मानित कर बधाई दी।
पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग ने विशेष शाखा में पदस्थ प्रधान आरक्षक सतलोक साय पैकरा की पुत्री स्वाति पैकरा को सिविल जज परीक्षा में प्रथम प्रयास में सफलता प्राप्त करने पर अपने कार्यालय में सम्मानित किया। उन्होंने स्वाति को पुष्पगुच्छ और स्मृति चिन्ह देकर शुभकामनाएं दीं और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों के बावजूद पुलिस परिवार के बच्चे अपनी मेहनत और लगन से लगातार सफलता हासिल कर रहे हैं।
वहीं प्रधान आरक्षक उमाकांत कौशिक की पुत्री संध्या कौशिक को भी एमबीबीएस में उत्कृष्ट प्रदर्शन और कुल पांच गोल्ड मेडल प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया। वर्तमान में संध्या हैदराबाद में रेडियोलॉजी में उच्च अध्ययन कर रही हैं।
इस मौके पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह सहित अन्य अधिकारियों ने भी दोनों प्रतिभाशाली छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। अधिकारियों ने कहा कि यह उपलब्धि पूरे पुलिस परिवार के लिए गर्व का विषय है।





