Home भोपाल जय श्रीराम के नारे से गूंजा भोपाल स्टेशन, रामभक्तों को लेकर आस्था...

जय श्रीराम के नारे से गूंजा भोपाल स्टेशन, रामभक्तों को लेकर आस्था स्पेशल ट्रेन अयोध्या रवाना

71
0

भोपाल (विश्व परिवार)- भोपाल रेलवे स्टेशन के छह नंबर प्लेटफार्म पर आस्था स्पेशल ट्रेन अयोध्या जाने वाले यात्रियों के लिए यादगार बन गई। श्रीरामलला के दर्शन करने के लिए लोगों में गजब का उत्साह देखा गया। पूरा प्लेटफार्म-06 जय श्रीराम, जय श्रीराम के नारे से गूंज उठा। इस दौरान बच्चे हों, बुजुर्ग या महिलाएं व पुरुष सभी में जोश और उत्साह झलक रहा था। इस ट्रेन में अयोध्या दर्शन के लिए विश्व हिंदू परिषद एवं संघ परिवार के प्रमुख कार्यकर्ता नाचते-गाते और भजन-कीर्तन करते हुए रवाना हुए। इस मौके पर सभी श्रद्धालुओं के चेहरे पर रामलला के दर्शन की आतुरता व खुशी साफ झलक रही थी।

आस्था स्पेशल ट्रेन को भगवा झंडी दिखाकर रवाना करते हुए प्रान्त संघचालक अशोक पांडे ने कहा कि हिन्दू समाज ने रामलला के लिए 500 वर्षो तक संघर्ष किया और पूर्वजों के बलिदान, त्याग का फल आज सम्पूर्ण हिन्दू समाज को प्राप्त हो रहा है। हिन्दू जनमानस में स्नेह का उत्साह रामलला के दर्शन के लिए हर मन में बना हुआ है। प्रान्त मंत्री राजेश जैन ने बताया कि इस ट्रेन में मध्यभारत प्रांत से 2500 की संख्या में लोग रवाना हुए। सभी सामूहिक रूप से 17 फरवरी को श्री रामलला के दर्शन करेंगे।

युवाओं में यात्रा से पड़ेगा सकारात्मक प्रभाव

बैरसिया से आई अंजली राजपूत दुर्गा वाहिनी संघ से जुड़ी हुई है। वह पहली बार अयोध्या जा रही हैं। वे बताती कि यात्रा के लिए मन में बहुत उत्साह है। इस पल का बहुत दिनों से इंतजार कर रही थी। वहीं, भोपाल की निर्मला कुशवाहा ने बताया कि 550 वर्षों के बाद आज यह शुभ दिन आया है कि हम सभी लोग रामलला के दर्शन के लिए जा रहे हैं। इस यात्रा से युवाओं में सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। जो युवा पीढ़ी अपने रास्ते से भटक रही थी, वह संवर जाएगी।

अयोध्या जाने का सपना आज पूरा हुआ

मुलताई जिला से आई सोनाली सिंह ने बताया कि इस यात्रा के लिए जोश और उत्साह है। हमारी यात्रा मंगलमय हो यही कामना है। राजगढ़ जिले के खिलचीपुर से आए सुभाष सिंघी अपनी पत्नी और तीन बच्चों के साथ यात्रा के लिए रवाना हुए। वह बताते हैं कि संघ का कार्यकर्ता हूं। पूरे परिवार के साथ अयाेध्या जाने का सपना था, जो आज पूरा हो गया है। हमारे पूर्वजों का बलिदान आज जाकर सफल हुआ है। मेरे साथ मेरी पत्नी प्रियंका और बच्चे भी साथ में जा रहे हैं, इसलिए यह यात्रा मेरे जीवन की यादगार यात्रा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here