बालोद (विश्व परिवार)। जिला मुख्यालय बालोद में बीती रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब जिला अस्पताल परिसर में एक भालू नजर आया। जिला अस्पताल जैसे संवेदनशील और आबादी वाले इलाके में भालू के पहुंचने से सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। इस घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है।
घूमते हुए अस्पताल परिसर तक पहुंचा भालू
बताया जा रहा है कि भालू रात के अंधेरे में करीब 1 बजे घूमते हुए जिला अस्पताल परिसर तक पहुंचा। देर रात अस्पताल परिसर में भालू की मौजूदगी की सूचना मिलते ही लोगों में अफरा-तफरी की स्थिति निर्मित हो गई। हालांकि, भालू ने किसी को नुकसान पहुंचाया या नहीं, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है।
जिला अस्पताल परिसर में भालू के पहुंचने से अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था और आसपास के इलाकों में वन्यजीवों की आवाजाही को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
लोगों से सतर्क रहने की अपील
वन्यजीवों की आवाजाही को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है। खासकर रात के समय लोग अकेले बाहर निकलने से बचें। यदि भालू दिखाई दे तो उसके करीब जाने, उसका पीछा करने या उसे छेड़ने की कोशिश न करें और तत्काल वन विभाग या स्थानीय प्रशासन को सूचना दें।







