रायपुर (विश्व परिवार)। Employees’ State Insurance Corporation द्वारा देशभर में 40 वर्ष से अधिक आयु के बीमित व्यक्तियों के लिए नि:शुल्क वार्षिक स्वास्थ्य जांच कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इसी क्रम में राजधानी रायपुर के रावाभाठा स्थित ईएसआई अस्पताल में भी इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने स्वास्थ्य जांच सुविधा का लाभ उठाया। इस अभियान के तहत बीमित व्यक्तियों को संपूर्ण स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इसमें चिकित्सकीय परीक्षण, आवश्यक लैब जांच और विशेषज्ञ डॉक्टरों से परामर्श जैसी सेवाएं पूरी तरह नि:शुल्क दी जा रही हैं। इस पहल का मुख्य उद्देश्य गैर-संचारी रोगों की प्रारंभिक पहचान करना, लोगों में निवारक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना और श्रमिक वर्ग के स्वास्थ्य एवं कल्याण को सुनिश्चित करना है। कार्यक्रम का शुभारंभ देश के 12 विभिन्न स्थानों पर एक साथ किया गया। यह पहल भारत सरकार की नई श्रम संहिताओं के तहत शुरू की गई है, जिसमें 40 वर्ष से अधिक आयु के श्रमिकों के लिए नि:शुल्क वार्षिक स्वास्थ्य जांच का प्रावधान शामिल है। कार्यक्रम में क्षेत्रीय अधिकारियों और चिकित्सा विशेषज्ञों की उपस्थिति रही। आयोजन में बड़ी संख्या में ईएसआईसी से जुड़े बीमित व्यक्तियों ने भाग लेकर स्वास्थ्य शिविर का लाभ उठाया। यह पहल श्रमिकों के स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है, जिससे भविष्य में स्वस्थ और जागरूक कार्यबल के निर्माण में मदद मिलेगी।
रायपुर में ESIC का हेल्थ कैंप, बड़ी संख्या में लोगों ने उठाया लाभ

- Comments
- Facebook Comments
- Disqus Comments






