कोलकाता (विश्व परिवार)। पश्चिम बंगाल में नई सरकार के गठन को लेकर तस्वीर लगभग साफ होती नजर आ रही है। भाजपा विधायक दल की बैठक से पहले ही सुवेंदु अधिकारी का नाम मुख्यमंत्री पद के लिए सबसे आगे बताया जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, पार्टी नेतृत्व जल्द ही उनके नाम पर मुहर लगा सकता है।
बताया जा रहा है कि नई सरकार में दो डिप्टी सीएम भी बनाए जा सकते हैं, जिसमें महिला और संगठन से जुड़े चेहरों को प्रतिनिधित्व देने पर विचार चल रहा है। Rupa Ganguly का नाम भी संभावित चेहरों में शामिल बताया जा रहा है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के कोलकाता पहुंचने के बाद सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं। एयरपोर्ट पर भाजपा नेताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। इसके बाद शाह ने वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक कर सरकार गठन और शपथ समारोह को लेकर चर्चा की।
जानकारी के अनुसार, 9 मई को भव्य शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित कई बड़े नेता शामिल हो सकते हैं। समारोह को ऐतिहासिक बनाने की तैयारी की जा रही है।
वहीं मंत्रिमंडल गठन को लेकर भी मंथन जारी है। पार्टी संगठन और क्षेत्रीय संतुलन को ध्यान में रखते हुए नए चेहरों को मौका देने की रणनीति पर काम कर रही है। अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि भाजपा आधिकारिक तौर पर मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा कब करती है।







