बीजापुर (विश्व परिवार)। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। बीजापुर पुलिस, डीआरजी, एसटीएफ, कोबरा और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की संयुक्त कार्रवाई में नक्सलियों के पुराने ठिकानों और डंपों से भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद, विस्फोटक सामग्री, कैश और दैनिक उपयोग की वस्तुएं बरामद की गई हैं। कार्रवाई के दौरान नक्सलियों द्वारा जंगलों में छिपाकर बनाए गए बंकरों का भी खुलासा हुआ है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेन्द्र कुमार यादव ने बताया कि विगत एक माह से जिले के सुदूर और अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में लगातार सघन सर्चिंग और एरिया डोमिनेशन अभियान चलाया जा रहा है। ग्रामीणों के सहयोग और मजबूत आसूचना तंत्र के आधार पर नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए डंपों का पता लगाया गया, जिसके बाद सुरक्षा बलों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद की।
संयुक्त कार्रवाई में कुल 65 लाख 52 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। साथ ही एलएमजी, एसएलआर, कार्बाइन, .303 रायफल समेत कुल 32 हथियार और बड़ी मात्रा में जिंदा कारतूस जब्त किए गए हैं। बरामद हथियारों में 1 एलएमजी रायफल, 4 एसएलआर रायफल, 1 कार्बाइन रायफल, 5 .303 रायफल, 1 .315 रायफल, 5 सिंगल शॉट गन, 4 बारह बोर बंदूकें, 7 बीजीएल लॉन्चर और 1 पिस्टल शामिल है। इसके अलावा AK-47, SLR, .303, .315 और पिस्टल के सैकड़ों जिंदा कारतूस, बीजीएल सेल, एलएमजी बैरल, मैग्जीन और अन्य विस्फोटक सामग्री भी बरामद की गई है। पुलिस ने बताया कि कार्रवाई के दौरान पूर्व में बरामद लगभग 140 किलोग्राम अमोनियम नाइट्रेट और यूरिया को सुरक्षा मानकों के तहत नष्ट किया गया।
एसपी डॉ. यादव के अनुसार, इस कार्रवाई से नक्सलियों की लॉजिस्टिक सप्लाई, हथियार आपूर्ति तंत्र और आईईडी निर्माण क्षमता को गंभीर क्षति पहुंची है। उन्होंने कहा कि भारत सरकार और छत्तीसगढ़ शासन की मंशा के अनुरूप बीजापुर को नक्सलमुक्त बनाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
अब तक 517 हथियार, 1092 IED और 7.28 करोड़ कैश जब्त
पुलिस के मुताबिक, वर्ष 2024 से अब तक सुरक्षा बलों की कार्रवाई में 234 माओवादी मारे गए हैं, जबकि 1192 गिरफ्तार और 1003 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है। इसी अवधि में 517 हथियार, 1092 आईईडी और कुल 20 करोड़ 8 लाख 52 हजार रुपये की संपत्ति बरामद की गई है। इसमें 7.28 करोड़ रुपये नकद और 8.20 किलोग्राम सोना शामिल है, जिसकी अनुमानित कीमत 12.80 करोड़ रुपये बताई गई है। पुलिस ने आम जनता और ग्रामीणों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध वस्तु, विस्फोटक सामग्री या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस और सुरक्षा बलों को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।







