छत्तीसगढ़धमतरी

अछोटा पुल पर बड़ा हादसा, 20-25 फीट नीचे महानदी में गिरी ट्रैक्टर-ट्रॉली; दो घायल

धमतरी (विश्व परिवार)। अछोटा पुल पर एक बड़ा हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली बेकाबू होकर महानदी में करीब 20 से 25 फीट नीचे जा गिरी। हादसा अर्जुनी थाना क्षेत्र का है। बताया जा रहा है कि सड़क पर अचानक सामने आए एक बाइक सवार को बचाने की कोशिश में ट्रैक्टर का स्टीयरिंग फेल हो गया। इसके बाद ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग तोड़ते हुए सीधे नीचे खाई में जा गिरा।
हादसे में ट्रैक्टर के टुकड़े-टुकड़े हो गए और ट्रॉली अलग जा गिरी। हादसे का मंजर देखकर मौके पर मौजूद लोगों के रोंगटे खड़े हो गए। गनीमत रही कि हादसे के वक्त ड्राइवर और हेल्पर ने फुर्ती दिखाते हुए ट्रैक्टर से कूदकर अपनी जान बचा ली। दोनों को हल्की चोटें आई हैं, जिन्हें तत्काल धमतरी के जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। वहीं, मामले को लेकर जिला कलेक्टर ने कहा है कि घटना उनके संज्ञान में है और पूरे हादसे की जांच कराई जाएगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts