दुर्ग-भिलाई (विश्व परिवार)। बैंक ऑफ बड़ौदा ने अपने सतत विस्तार एवं जनसुलभ बैंकिंग सेवाओं को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में दुर्ग क्षेत्र की 59वीं शाखा “अंजोरा शाखा” का शुभारंभ गरिमामय समारोह के मध्य संपन्न किया। इस नवीन शाखा का उद्घाटन दिवाकर प्रसाद सिंह, महाप्रबंधक एवं अंचल प्रमुख, रायपुर अंचल के कर-कमलों द्वारा संपन्न हुआ। इस अवसर पर क्षेत्रीय प्रमुख संदीप मान ने अपने उद्बोधन में कहा कि बैंक ऑफ बड़ौदा अपने ग्राहकों की समस्त बैंकिंग आवश्यकताओं की पूर्ति एक ही स्थान पर सुनिश्चित करने के लिए सतत प्रयासरत है। उन्होंने बैंक की विभिन्न वित्तीय समवेशी योजनाओं एवं ग्राहक सेवा प्रतिबद्धता को भी रेखांकित किया।
इस अवसर पर दिवाकर प्रसाद सिंह, महाप्रबंधक एवं अंचल प्रमुख, रायपुर अंचल ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में कहा कि नवस्थापित शाखा दुर्ग नगर के समीप स्थित होने के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्र की श्रेणी में आते हुए भी अर्ध-शहरी क्षेत्र की समस्त संभावनाओं एवं व्यावसायिक विशेषताओं से परिपूर्ण है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि क्षेत्र की अनुकूल भौगोलिक स्थिति, तीव्र विकासशील परिवेश एवं बढ़ती आर्थिक गतिविधियों को देखते हुए यह शाखा बैंकिंग सेवाओं के विस्तार, वित्तीय समावेशन तथा स्थानीय व्यापार एवं रोजगार को नई गति प्रदान करेगी।
उन्होंने आगे कहा कि बैंक ऑफ बड़ौदा सदैव आधुनिक, सुरक्षित एवं प्रौद्योगिकी आधारित बैंकिंग सेवाएं ग्राहकों तक सहज एवं प्रभावी रूप से पहुंचाने हेतु प्रतिबद्ध रहा है। अपने संबोधन में उन्होंने महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण, युवाओं के स्वरोजगार एवं वित्तीय उन्नयन, कृषक समुदाय की आवश्यकताओं तथा सूक्ष्म एवं लघु उद्यमियों के विकास के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं एवं बैंकिंग उत्पादों की जानकारी दी। साथ ही उन्होंने बैंक की ग्राहक-केंद्रित, समावेशी एवं जनहितैषी कार्यप्रणाली को रेखांकित करते हुए कहा कि बैंक का उद्देश्य प्रत्येक वर्ग तक सुलभ एवं विश्वसनीय बैंकिंग सेवाएं पहुंचाना है।
इस अवसर पर बैंक के अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण, स्थानीय गणमान्य नागरिक एवं ग्राहकगण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अतिथियों एवं नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। उद्घाटन समारोह उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।







