रायपुर (विश्व परिवार)। छत्तीसगढ़ में विधानसभा, लोकसभा से लेकर निकाय चुनाव तक हार के कारण कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज को बदले जाने पर सियासत के बीच कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के पत्र ने इस पर विराम लगा दिया है।
दीपक बैज को हटाए जाने के अटकलों के बीच कांग्रेस के बड़े-बड़े नेताओंं ने प्रदेश की कमान संभालने की दावेदारी दिल्ली तक की थी। इनमें पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव और प्रदेश के वरिष्ठ आदिवासी नेता भी शामिल रहे। अटकलों के बीच दीपक बैज संगठन स्तर पर अपनी जिम्मेदारियों को अंजाम देते रहे। उन्होंने बलौदाबाजार हिंसा, इंद्रावती नदी के संरक्षण, प्रदेश में बढ़ते अपराध और जवानों का हौसला अफ जाई करने छत्तीसगढ़ में समय-समय पर यात्राएं निकालीं। ये यात्राएं प्रदेश ही नहीं बल्कि देश में भी चर्चा में रहीं। इन अटकलों के बीच राहुल गांधी के एक पत्र ने इस पर विराम लगा दिया है।
राहुल ने बैज को लिखा पत्र
लोकसभा नेताप्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज को पत्र लिखा है। उन्होंने उनकी पदयात्रा की तारीफ करते हुए कहा है कि मैं छत्तीसगढ़ कांग्रेस द्वारा महिलाओं के खिलाफ जघन्य अपराधों और राज्य में बिगड़ती कानून व्यवस्था के खिलाफ पदयात्रा निकालने की सराहना करता हूं। हमें न्याय के लिए लडऩा जारी रखना चाहिए और लोगों तक उम्मीद का संदेश पहुंचाना चाहिए।
राहुल गांधी के पत्र का क्या है मायने
यह कहा जा रहा है कि राहुल गांधी ने पत्र लिखकर दीपक बैज के शेष कार्यकाल के लिए हरी झंडी दे दी है। अब छत्तीसगढ़ कांग्रेस के नेतृत्व में परिवर्तन की संभावनाएं अब लगभग समाप्त हो चुकी हैं।