रायपुर (विश्व परिवार)। मंगलवार को रायपुर नगर पालिक निगम के सभापति सूर्यकान्त राठौड़ ने महाराजबंध तालाब और रायपुरा स्थित गदही तालाब में चल रहे सफाई अभियान का निरीक्षण किया। इस दौरान एनजीओ ग्रीन आर्मी ऑफ रायपुर के पर्यावरणप्रेमी स्वयंसेवकों सहित जोन 6 अध्यक्ष बद्री प्रसाद गुप्ता, महामाया मंदिर वार्ड पार्षद जयश्री नायक, जोन 8 अध्यक्ष प्रीतम सिंह ठाकुर, पार्षद महेंद्र औसर, जोन 8 कमिश्नर राजेश्वरी पटेल, जोन 6 कमिश्नर हितेन्द्र यादव एवं रायपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड के अधिकारी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान सभापति सूर्यकान्त राठौड़ ने तालाब सफाई अभियान में ग्रीन आर्मी ऑफ रायपुर के स्वयंसेवकों की सक्रिय सहभागिता की सराहना की। वहीं, महाराजबंध तालाब में अब तक एसटीपी (सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट) शुरू नहीं होने पर रायपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड के अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए इसे शीघ्र चालू करने के निर्देश दिए।
सभापति ने स्पष्ट कहा कि गंदा पानी महाराजबंध तालाब में नहीं जाना चाहिए और इसे तत्काल रोका जाए। उन्होंने कहा कि यदि तालाब में गंदा पानी जाता रहेगा तो सफाई अभियान का उद्देश्य सफल नहीं हो सकेगा। सफाई अभियान तभी प्रभावी होगा, जब तालाब में गंदे पानी की एंट्री पूरी तरह बंद हो।







