रायपुर (विश्व परिवार)। प्रदेश में सामाजिक चेतना, प्रतिभा सम्मान और समाजसेवा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित होने जा रहे “समाज गौरव सम्मान समारोह 2026” की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में ईएसओ इंडिया के प्रदेश अध्यक्ष आशीष पटेल और सृजन भूमि छत्तीसगढ़ न्यूज के प्रधान संपादक पी.एल. कुर्रे ने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह से सौजन्य मुलाकात कर उन्हें समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का औपचारिक निमंत्रण दिया।
प्रतिनिधिमंडल ने कार्यक्रम की रूपरेखा और उद्देश्य की जानकारी देते हुए बताया कि समारोह में शिक्षा, स्वास्थ्य, पत्रकारिता, समाजसेवा, युवा सशक्तिकरण, कला-संस्कृति और जनकल्याण जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तित्वों को सम्मानित किया जाएगा।
डॉ. रमन सिंह ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाले लोगों का सम्मान बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं को प्रेरणा देने के साथ समाज में सेवा, संस्कार और सामाजिक एकता को मजबूत करने का कार्य करते हैं।
आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम में प्रदेशभर से समाजसेवी, शिक्षाविद, पत्रकार, कलाकार, युवा प्रतिभाएं और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। आयोजन समिति का मानना है कि यह समारोह समाज में नई ऊर्जा, जागरूकता और जनसेवा की भावना को बढ़ावा देने वाला प्रेरणादायी मंच साबित होगा।







