रायपुर (विश्व परिवार)। छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग (CCPL) सीजन-3 का आगाज 3 जून से होने जा रहा है। 12 दिनों तक चलने वाले इस टूर्नामेंट में प्रदेश की छह टीमें हिस्सा लेंगी और फाइनल सहित कुल 18 मुकाबले खेले जाएंगे। विजेता टीम को ट्रॉफी के साथ 15 लाख रुपये और उपविजेता को 11 लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी।
इस बार टूर्नामेंट को और आकर्षक बनाने के लिए दर्शकों के लिए कई खास इंतजाम किए गए हैं। स्टेडियम में प्रवेश पूरी तरह निशुल्क रहेगा, लेकिन ऑनलाइन टिकट बुकिंग अनिवार्य होगी। दर्शकों को हर मैच में लकी ड्रॉ के जरिए कैश प्राइज जीतने का मौका मिलेगा। वहीं उद्घाटन मुकाबले और फाइनल मैच में दो-दो पहिया वाहन भी पुरस्कार के रूप में दिए जाएंगे। आयोजकों के मुताबिक इस सीजन दर्शकों के लिए कुल 11 लाख रुपये के इनाम रखे गए हैं।
CCPL सीजन-3 की थीम “खेले बढ़ियां-छत्तीसगढ़ियां” रखी गई है। पहली बार क्रिकेट प्रेमियों को मैचों की लाइव कमेंट्री छत्तीसगढ़ी भाषा में सुनने को मिलेगी, जिसका प्रसारण यूट्यूब पर किया जाएगा। इसके साथ ही स्टेडियम में भी छत्तीसगढ़ी संस्कृति और स्थानीय रंग देखने को मिलेगा।
टूर्नामेंट में कुल 114 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। खिलाड़ी चयन के आंकड़ों पर नजर डालें तो रायपुर और बिलासपुर का दबदबा साफ दिखाई देता है। 114 खिलाड़ियों में से 58 खिलाड़ी सिर्फ इन्हीं दो जिलों से हैं। रायपुर के 36 और बिलासपुर के 22 खिलाड़ियों का चयन हुआ है। वहीं धमतरी, कांकेर, कोरिया, नारायणपुर और दंतेवाड़ा जैसे जिलों से केवल एक-एक खिलाड़ी को मौका मिला है।
उद्घाटन मुकाबला रायपुर राइनोज और राजनांदगांव पैंथर्स के बीच खेला जाएगा। दो सेमीफाइनल 12 जून को खेले जाएंगे, जबकि फाइनल मुकाबला भी उसी दिन शाम को आयोजित होगा।
आयोजकों का कहना है कि CCPL अब प्रदेश के खिलाड़ियों के लिए IPL तक पहुंचने का बड़ा मंच बन चुका है। पिछले कुछ वर्षों में छत्तीसगढ़ के कई खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है। IPL 2025 ऑक्शन के लिए प्रदेश के सात खिलाड़ियों का नाम सूचीबद्ध होना इसका बड़ा उदाहरण है। यही वजह है कि इस बार भी IPL फ्रेंचाइजियों के स्काउट्स और चयनकर्ताओं की नजर पूरे टूर्नामेंट पर रहेगी।







