छत्तीसगढ़रायपुर

कृषि महाविद्यालय, रायपुर की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा रक्तदान शिविर का सफल आयोजन

रायपुर (विश्व परिवार)। कृषि महाविद्यालय, रायपुर की राष्ट्रीय सेवा योजना बालिका एवं बालक इकाई द्वारा नारायणा हृदयालय, एमएमआई हॉस्पिटल, रायपुर (ब्लड बैंक) के सहयोग से एक दिवसीय रक्तदान शिविर का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा समाज सेवा की भावना को प्रोत्साहित करना था।
यह कार्यक्रम कृषि महाविद्यालय, रायपुर की अधिष्ठाता डॉ. आरती गुहे के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। शिविर के सफल संचालन में राष्ट्रीय सेवा योजना बालक इकाई के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. आर. के. ठाकुर एवं बालिका इकाई की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. पायल जायसवाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
शिविर में राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों, महाविद्यालय के विद्यार्थियों, अधिकारियों तथा कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए रक्तदान किया। रक्तदाताओं ने मानवता की सेवा के इस महान कार्य में योगदान देकर सामाजिक उत्तरदायित्व का उत्कृष्ट परिचय दिया। विद्यार्थियों ने रक्तदान के महत्व को समझते हुए अधिक से अधिक लोगों को इस पुनीत कार्य के लिए प्रेरित करने का संदेश भी दिया।
रक्तदान के प्रति स्वयंसेवकों को प्रोत्साहित करने हेतु आयोजकों द्वारा हेलमेट, ईयरबड्स एवं अन्य आकर्षक उपहार प्रदान किए गए। इससे विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला तथा बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया।
इस अवसर पर अधिष्ठाता डॉ. आरती गुहे ने रक्तदाताओं एवं आयोजकों की सराहना करते हुए कहा कि रक्तदान मानव सेवा का सर्वोच्च उदाहरण है। रक्त की एक इकाई किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन प्रदान कर सकती है। उन्होंने युवाओं से नियमित रूप से रक्तदान करने एवं समाज में इसके प्रति जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में स्वयंसेवकों ने संकल्प लिया कि वे भविष्य में भी समाजहित एवं जनकल्याण से जुड़े कार्यक्रमों में सक्रिय रूप से भाग लेते रहेंगे तथा अधिकाधिक लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित करेंगे।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts