अभनपुर (विश्व परिवार)। छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रशिक्षण शिविर में राहुल गांधी से लेकर कई वरिष्ठ नेताओं की पाठशाला के बीच अब नए जिला अध्यक्षों को ग्राउंड पर उतारा गया है. अभनपुर विधानसभा के चार गांवों में 20 जिला अध्यक्ष 5-5 की टीम बनाकर रात्रि प्रवास कर रहे हैं. मंगलवार शाम को अलग-अलग गांवों में उन्होंने रात्रि विश्राम किया. इसके बाद बुधवार को सभी ग्रामीणों से मुलाकात कर जमीनी फीडबैक ले रहे हैं।
दरअसल, जिला अध्यक्ष ग्रामीणों के घरों में ठहरकर गांव के जनजीवन, स्थानीय समस्याओं और सामाजिक परिस्थितियों को नजदीक से समझने का प्रयास कर रहे हैं. इसके साथ ही वे चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर आम लोगों से संवाद कर जमीनी स्तर का फीडबैक भी जुटा रहे हैं।
वर्तमान में नवागांव (ल), कोलियरी, घोंट-सोंठ और थानौद गांवों में जिला अध्यक्षों की टोलियां सक्रिय हैं. कुरूद विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों में भी 21 जिला अध्यक्षों का रात्रि प्रवास कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है. माना जा रहा है कि कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने के लिए इस तरह के प्रयोगों को आगे भी जारी रख सकती है।
बता दें कि रायपुर के अभनपुर में 20 जून से कांग्रेस के नए जिला अध्यक्षों का प्रशिक्षण शिविर शुरू हुआ है. इस दौरान राष्ट्रीय सचिव सचिन राव, प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट, प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज समेत कई वरिष्ठ नेता ट्रेंनिंग दे रहे हैं. वही शिविर के दूसरे दिन लोकसभा सांसद राहुल गांधी भी जिला अध्यक्षों के बीच पहुंचे. उन्होंने विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर उन्हें संबोधित किया।








