- परिवहन मंत्री केदार कश्यप ने वाहन व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना, आवश्यक कदम उठाने का दिया आश्वासन
रायपुर (विश्व परिवार)। छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी जी के नेतृत्व में चेम्बर प्रतिनिधिमंडल एवं छत्तीसगढ़ ऑटोमोबाइल रिसेलर एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने प्रदेश के माननीय परिवहन मंत्री केदार कश्यप से सौजन्य मुलाकात की। मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने ”छत्तीसगढ़ मोटरयान नियम, 1994” में किए जा रहे नए संशोधनों और पुरानी गाड़ियों के क्रय-विक्रय (रिसेल) पर लागू किए जा रहे अव्यावहारिक नियमों के विरोध में एक औपचारिक ज्ञापन सौंपा।
चेम्बर प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी ने मंत्री को अवगत कराया कि नए प्रस्तावित नियमों के कारण प्रदेश के हजारों छोटे और मध्यम स्तर के वाहन व्यापारियों के सामने व्यवसाय बंद होने का संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने व्यापारिक हितों को ध्यान में रखते हुए इन नियमों की समीक्षा करने और इन्हें व्यावहारिक व युक्तियुक्त बनाने का विशेष आग्रह किया।
श्री थौरानी ने आगे कहा कि पुरानी गाड़ियों के ओनरशिप ट्रांसफर पर लागू 1ः के नए टैक्स से बाजार में भारी मंदी है। उन्होंने इस टैक्स को तुरंत वापस लेकर पूर्व की भांति केवल मामूली शुल्क ही लेने की बात कही साथ ही डीलरों से मांगी जा रही भारी-भरकम बैंक गारंटी को पूरी तरह निरस्त करने की मांग की गई।
प्रतिनिधिमंडल ने ”उसी दिन” ऑनलाइन एंट्री के नियम को अव्यावहारिक बताते हुए कहा कि सर्वर डाउन होने या ग्रामीण क्षेत्रों से खरीदी की स्थिति में यह असंभव है। अतः तकनीकी जांच और दस्तावेजों के सत्यापन हेतु शासन द्वारा पर्याप्त समय प्रदान किया जाए । साथ ही किसी लिपिकीय त्रुटि या तकनीकी देरी को गंभीर धोखाधड़ी की तरह न देखा जाए। ऐसे मामलों में सीधे लाइसेंस निरस्त करने के बजाय डीलरों को सुधार और स्पष्टीकरण का उचित अवसर मिलना चाहिए।
वाहन व्यापारियों की चिंताओं और चेंबर द्वारा प्रस्तुत ज्ञापन को बेहद गंभीरता से लेते हुए माननीय परिवहन मंत्री केदार कश्यप ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि शासन व्यापारियों के हितों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है। उन्होंने कहा कि व्यापार को सुगम बनाना और विसंगतियों को दूर करना सरकार की प्राथमिकता है। माननीय मंत्री जी ने इस दिशा में आवश्यक व सकारात्मक कदम उठाने का पूर्ण आश्वासन दिया।
इस अवसर पर चेम्बर प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी, कार्यकारी अध्यक्ष-जसप्रीत सिंह सलूजा, उपाध्यक्ष-दिलीप इसरानी, जितेन्द्र शादीजा, छत्तीसगढ़ आटोमोबाइल रिसेलर्स एसोसियेशन के संरक्षक राजेश कुमार नायर, कार्यकारी अध्यक्ष विक्रमजीत हुंदल, महासचिव कुलवंत सिंह गुम्बर, कोषाध्यक्ष सुमीत जैन, उपाध्यक्ष जियाउर रहमान, सचिव, विकास बरड़िया, चुनाव प्रभारी बलविंदर सिंह, रायगढ़ प्रभारी दीपक डोरा, दुर्ग प्रभारी आशीष चैकसे, वरिष्ठ सदस्य-सचिन जैन, देवेन्द्र सिंग राजपाल, सदस्य अमरजीत सिंह आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।







