छत्तीसगढ़रायपुर

10 दिन की ट्रेनिंग के बाद कांग्रेस का बड़ा दावा: छत्तीसगढ़ में दिखेगी नई और आक्रामक कांग्रेस

रायपुर (विश्व परिवार)। छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए रायपुर से लगे अभनपुर में आयोजित 10 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर का रविवार को समापन किया। 20 जून से 29 जून तक चले इस शिविर में प्रदेश के सभी 41 नव-नियुक्त जिला कांग्रेस अध्यक्षों को संगठन संचालन से लेकर जनसंपर्क, जनआंदोलन और राजनीतिक रणनीति तक का व्यापक प्रशिक्षण दिया गया।
अग्रवाल भवन, अभनपुर पिछले दस दिनों तक कांग्रेस के संगठनात्मक मंथन का केंद्र बना रहा, जहां जिला अध्यक्षों को केवल संगठन की कार्यप्रणाली ही नहीं, बल्कि जनता से सीधा जुड़ाव और जमीनी राजनीति की बारीकियों से भी अवगत कराया गया।
PCC चीफ बैज बोले- “प्रदेश में दिखेगी नई और आक्रामक कांग्रेस”
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि 10 दिन का प्रशिक्षण बेहद सफल रहा। उन्होंने कहा- “जब सभी जिला अध्यक्ष अपने-अपने क्षेत्रों में लौटेंगे तो प्रदेश में एक नई, आक्रामक कांग्रेस देखने को मिलेगी।”
राष्ट्रीय नेतृत्व ने दिया सीधा मार्गदर्शन
शिविर की खास बात यह रही कि कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व ने सीधे जिला अध्यक्षों से संवाद किया। 21 जून को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शिविर में पहुंचे और संगठन की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने जिला अध्यक्षों से बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने, जनता के बीच सक्रिय रहने और गुटबाजी से दूर रहकर काम करने की अपील की। इसके अलावा उन्होंने यह भी कहा कि बड़े नेताओं के पीछे घूमने के बजाय जनता के बीच जाकर काम करना संगठन की असली ताकत है।
सचिन राव की टीम ने दिया संगठनात्मक प्रशिक्षण
22 जून से 26 जून तक कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रशिक्षण विभाग के प्रमुख सचिन राव और उनकी टीम ने विभिन्न सत्रों के माध्यम से जिला अध्यक्षों को संगठन संचालन, जनसंपर्क, नेतृत्व विकास, राजनीतिक रणनीति और फील्ड वर्क की जानकारी दी।
सचिन पायलट और के.सी. वेणुगोपाल का मार्गदर्शन
26 जून को प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट ने संगठन विस्तार, कार्यकर्ताओं से संवाद और आगामी राजनीतिक चुनौतियों पर मार्गदर्शन दिया। 27 जून को संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने जिला अध्यक्षों को बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने और जवाबदेह नेतृत्व तैयार करने का संदेश दिया।
महिलाओं की भागीदारी पर विशेष जोर
28 जून को अखिल भारतीय महिला कांग्रेस अध्यक्ष अलका लांबा ने शिविर में भाग लिया और महिलाओं की भागीदारी, सामाजिक न्याय और जनआंदोलन में कांग्रेस की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की।
पवन खेड़ा का समापन संबोधन
शिविर के अंतिम दिन 29 जून को राज्यसभा सांसद और कांग्रेस मीडिया विभाग के राष्ट्रीय चेयरमैन पवन खेड़ा ने जिला अध्यक्षों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस महंगाई, बेरोजगारी, मनरेगा और सामाजिक न्याय जैसे मुद्दों को लेकर लगातार जनता के बीच जाएगी। उन्होंने जिला अध्यक्षों की भूमिका को संगठन और जनता के बीच मजबूत कड़ी बताया।
जिला अध्यक्षों ने दी ये प्रतिक्रिया
प्रशिक्षण शिविर से लौटे जिला अध्यक्षों ने इसे बेहद उपयोगी बताया। उन्होंने कहा कि यहां उन्हें केवल संगठन चलाने की जानकारी ही नहीं मिली, बल्कि जनता के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने और कार्यकर्ताओं के साथ बेहतर समन्वय बनाने का प्रशिक्षण भी दिया गया।
जिला अध्यक्षों ने राहुल गांधी के संदेश को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि अब वे अपने जिलों में जाकर संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करेंगे और कांग्रेस विचारधारा को और सक्रिय रूप से आगे बढ़ाएंगे।
10 दिन तक चला यह प्रशिक्षण शिविर छत्तीसगढ़ कांग्रेस के संगठनात्मक पुनर्गठन और जमीनी मजबूती की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है। अब सभी की नजर इस बात पर होगी कि जिला अध्यक्ष अपने-अपने क्षेत्रों में इस प्रशिक्षण को किस तरह लागू करते हैं।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts