छत्तीसगढ़रायपुर

एम्स रायपुर के कार्यपालक निदेशक लेफ्टिनेंट जनरल अशोक जिंदल (सेवानिवृत्त) आईआईटी इंदौर की प्रतिष्ठित स्ट्रैटेजिक टास्क फोर्स (STF) समिति के सदस्य नामित

रायपुर (विश्व परिवार)। आईआईटी इंदौर (IIT Indore) द्वारा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, भारत सरकार के नेशनल मिशन ऑन इंटरडिसिप्लिनरी साइबर-फिजिकल सिस्टम्स (NM-ICPS) के अंतर्गत स्थापित IITI DRISHTI CPS फाउंडेशन समाज के हित में प्रौद्योगिकी नवाचार, तकनीकी हस्तांतरण, उद्यमिता तथा सहयोगात्मक अनुसंधान को बढ़ावा देने के लिए कार्य कर रहा है। फाउंडेशन का विशेष फोकस डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं (Digital Healthcare) को सशक्त बनाना है। फाउंडेशन की गतिविधियों के लगातार विस्तार, बढ़ते परियोजना पोर्टफोलियो, विभिन्न डिप्लॉयमेंट सेंटरों की स्थापना तथा प्रौद्योगिकी विकास, व्यवसायीकरण और दीर्घकालिक संस्थागत विकास को ध्यान में रखते हुए, अकादमिक, उद्योग, स्वास्थ्य सेवा एवं अन्य क्षेत्रों के प्रतिष्ठित विशेषज्ञों को शामिल कर स्ट्रैटेजिक टास्क फोर्स (STF) समिति का गठन किया गया है।
यह समिति नई संभावनाओं की पहचान, संस्थागत क्षमताओं को सुदृढ़ बनाने, प्रौद्योगिकी विकास, संसाधन जुटाने, व्यवसायीकरण, बहुविषयक सहयोग तथा सतत विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर फाउंडेशन को रणनीतिक मार्गदर्शन प्रदान करेगी। साथ ही यह समिति रणनीतिक कार्यक्रमों, परियोजनाओं की अवधारणा, वित्तीय सहायता के अवसरों, साझेदारी, क्षमता निर्माण तथा फाउंडेशन की दीर्घकालिक कार्ययोजना से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी परामर्श देगी।
सार्वजनिक स्वास्थ्य, अस्पताल प्रशासन, चिकित्सा अनुसंधान और स्वास्थ्य सेवा नवाचार के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान, सशस्त्र बल चिकित्सा सेवाओं (Armed Forces Medical Services) में उत्कृष्ट सेवाओं तथा वर्तमान में एम्स रायपुर के कार्यपालक निदेशक के रूप में उनके प्रभावी नेतृत्व को देखते हुए लेफ्टिनेंट जनरल अशोक जिंदल (सेवानिवृत्त) को इस प्रतिष्ठित स्ट्रैटेजिक टास्क फोर्स समिति का सदस्य नामित किया गया है।
यह प्रतिष्ठित नामांकन स्वास्थ्य सेवा एवं चिकित्सा नवाचार के क्षेत्र में लेफ्टिनेंट जनरल अशोक जिंदल के दूरदर्शी नेतृत्व और महत्वपूर्ण योगदान का राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान है। साथ ही यह प्रौद्योगिकी आधारित स्वास्थ्य सेवाओं, अनुसंधान तथा
बहुविषयक सहयोग के क्षेत्र में एम्स रायपुर की बढ़ती राष्ट्रीय पहचान को भी दर्शाता है।
उल्लेखनीय है कि आईआईटी इंदौर के पूर्ण वित्तीय सहयोग से एम्स रायपुर में पहले से ही एक अत्याधुनिक एआई (Artificial Intelligence) लैब डिप्लॉयमेंट सेंटर स्थापित किया जा चुका है, जो डिजिटल स्वास्थ्य एवं कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित अनुसंधान को नई दिशा प्रदान कर रहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts