रायपुर (विश्व परिवार)। राजकुमार कॉलेज, रायपुर में विद्यार्थियों में प्रभावी अभिव्यक्ति, आत्मविश्वास और वक्तृत्व कला के विकास के उद्देश्य से प्रतिवर्ष अंतर्दलीय हिंदी काव्यपाठ, भाषण एवं वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया जाता है। इस वर्ष भी प्रतियोगिता का आयोजन 3 जुलाई और 6 जुलाई को दो चरणों में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
प्रतियोगिता को तीन वर्गों में विभाजित किया गया था। समूह ‘स’ में कक्षा 6वीं, 7वीं एवं 8वीं, समूह ‘ब’ में कक्षा 9वीं एवं 10वीं तथा समूह ‘अ’ में कक्षा 11वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों ने भाग लिया। इस प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, स्पष्ट उच्चारण, विषय की गहन समझ तथा संवेदनशील अभिव्यक्ति का विकास होता है।
प्रतियोगिता में कक्षा 6वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। निर्णायक मंडल में वरिष्ठ भाषाविद् डॉ. चित्तरंजन कर, वरिष्ठ पुरातत्वविद् राहुल सिंह तथा वरिष्ठ समाजसेवी विनोद कुमार शेष उपस्थित रहे।
विद्यालय के प्राचार्य लेफ्टिनेंट कर्नल अविनाश सिंह ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
वाद-विवाद प्रतियोगिता का विषय था— “हम विकास के नाम पर विनाश की ओर बढ़ रहे हैं।” इस विषय पर कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों ने पक्ष और विपक्ष दोनों में प्रभावशाली एवं तार्किक प्रस्तुतियां दीं।
विद्यालय के उप-प्राचार्य शिवेंद्र नाथ शाहदेव ने विजेताओं की घोषणा की।
समूह ‘स’ में कक्षा 8वीं के अनुष जोशी (राणा दल) ने काव्यपाठ में तथा वरिष्ठा राठौड़ (विक्रम दल) ने भाषण प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
समूह ‘ब’ में कक्षा 9वीं की अहाना सिंह (राणा दल) ने काव्यपाठ तथा कक्षा 10वीं की सायशा कौर (राजपूत दल) ने भाषण प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल किया।
समूह ‘अ’ में कक्षा 11वीं के राघव मुंद्रा (राणा दल) ने काव्यपाठ में प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि कहानी समीक्षा प्रतियोगिता में खनक मुंद्रा (राणा दल) ने प्रथम स्थान अर्जित किया।
वाद-विवाद प्रतियोगिता में विक्रम दल की हरसिफत कौर ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए ‘बेस्ट डिबेटर’ का प्रतिष्ठित श्री देवी सिंह चौहान कप अपने नाम किया।
ओवरऑल परिणाम में राजपूत दल प्रथम, राणा दल द्वितीय, आर्य दल तृतीय तथा विक्रम दल चौथे स्थान पर रहा। इसके साथ ही राजपूत दल ने प्रतिष्ठित श्री राणा बहादुर झालावाड़ कप जीतकर प्रतियोगिता का समग्र खिताब अपने नाम किया।
राजकुमार कॉलेज इस प्रकार के आयोजनों के माध्यम से विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास के साथ-साथ उनके सर्वांगीण व्यक्तित्व निर्माण पर विशेष बल देता है तथा उन्हें भविष्य की चुनौतियों का आत्मविश्वास के साथ सामना करने के लिए तैयार करता है।







