कवर्धाछत्तीसगढ़

कबीरधाम धान घोटाले में बड़ा खुलासा, प्रभारी के घर से 16 लाख नकद बरामद

कवर्धा (विश्व परिवार)। कबीरधाम जिले में हुए कथित धान घोटाले की जांच लगातार तेज होती जा रही है। धान उपार्जन केंद्रों से धान गायब होने के मामले में पुलिस ने अब तक 6 एफआईआर दर्ज की है। जांच के तहत पुलिस लगातार आरोपियों के घरों और कार्यालयों में दबिश देकर अहम साक्ष्य जुटा रही है। इसी कड़ी में शुक्रवार को पुलिस ने लोहारा धान उपार्जन केंद्र के प्रभारी गंगादास मानिकपुरी के घर और कार्यालय में छापेमार कार्रवाई की।
तलाशी के दौरान पुलिस को 16 लाख रुपए नगद, बैंक पासबुक, कई महत्वपूर्ण दस्तावेज एवं कार्यालय में रखा कंप्यूटर मिला, जिन्हें जब्त कर जांच में शामिल किया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, धान घोटाले से जुड़े अन्य नामजद आरोपियों के घरों और कार्यालयों में भी इसी तरह की कार्रवाई की जाएगी। फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। जल्द ही उनकी गिरफ्तारी की संभावना जताई जा रही है।
आने वाले दिनों में हो सकते हैं बड़े खुलासे
जिले में धान घोटाले को लेकर पुलिस की लगातार कार्रवाई से हड़कंप मचा हुआ है। जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे नए तथ्य सामने आ रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इस पूरे प्रकरण में आने वाले दिनों में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts