छत्तीसगढ़महासमुंद

विधायक डॉ. संपत अग्रवाल की पहल लाई रंग: बसना कन्या शाला बनेगा स्वामी विवेकानंद उत्कृष्ट विद्यालय, मिली 33.33 लाख की सौगात

  • विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने छात्राओं को बांटी सरस्वती सायकल,शासकीय कन्या शाला के विकास के लिए 33.33 लाख रुपये स्वीकृत
  • सरस्वती सायकल वितरण कार्यक्रम में पहुंचे विधायक डॉ. संपत अग्रवाल, छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की
  • स्वामी विवेकानंद उत्कृष्ट विद्यालय के रूप में विकसित होगी शाला: विधायक डॉ संपत अग्रवाल

बसना (विश्व परिवार) । बसना के शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में ‘सरस्वती सायकल वितरण योजना’ के तहत एक गरिमामयी कार्यक्रम का आयोजन संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बसना विधानसभा के लोकप्रिय विधायक डॉ. संपत अग्रवाल विशेष रूप से उपस्थित हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. संपत अग्रवाल द्वारा मां सरस्वती और प्रथम पूज्य भगवान श्री गणेश जी के तैलचित्र पर दीप प्रज्वलित कर तथा पूजा-अर्चना के साथ किया गया। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की मंगल कामना की।
कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण के रूप में विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने विद्यालय की छात्राओं को सरस्वती सायकल योजना के अंतर्गत सायकलों का वितरण किया। सायकल पाकर छात्राओं के चेहरे खिल उठे। इस अवसर पर विधायक ने सभी हितग्राही छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया।
विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने छात्राओं को सायकल का वितरण करते हुए कहा कि हमारी सरकार बेटियों की शिक्षा और उनके स्वावलंबन के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। अक्सर दूर-दराज के गांवों से स्कूल आने-जाने में छात्राओं को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था और परिवहन के साधनों की कमी के कारण उनकी पढ़ाई प्रभावित होती थी, लेकिन अब इस सरस्वती सायकल योजना के माध्यम से बेटियों की राह आसान होगी। इस सायकल की मदद से छात्राओं को स्कूल आने-जाने में सुविधा होगी, उनका बहुमूल्य समय बचेगा और वे बिना किसी परेशानी के पूरी सुरक्षा व आत्मनिर्भरता के साथ नियमित रूप से स्कूल आ सकेंगी, जिससे उनका भविष्य और अधिक उज्ज्वल तथा सशक्त बनेगा।
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था और छात्राओं के भविष्य को लेकर एक बड़ी खुशखबरी साझा की। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि छात्राओं की उच्च स्तरीय शिक्षा और उनके बेहतर भविष्य को ध्यान में रखते हुए, हमारे इस शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय को ‘स्वामी विवेकानंद उत्कृष्ट विद्यालय’ के रूप में विकसित करने की योजना बनाई गई है। इसके लिए मैंने स्वयं प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से विशेष अनुशंसा की थी।
विधायक डॉ. अग्रवाल ने आगे बताया कि इस अनुशंसा के फलस्वरूप शासन द्वारा विद्यालय के विकास कार्यों के लिए 33.33 लाख रुपये की भारी-भरकम राशि स्वीकृत कर दी गई है। यह पूरे बसना क्षेत्र और विशेषकर छात्राओं के लिए बेहद हर्ष और गौरव की बात है। इस बड़ी सौगात के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उपमुख्यमंत्री अरुण साव का आभार व धन्यवाद व्यक्त किया।
कार्यक्रम के उपरांत मीडिया से चर्चा करते हुए विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने कहा कि भाजपा सरकार क्षेत्र के चहुंमुखी विकास और शिक्षा के स्तर को सुधारने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। बेटियों की शिक्षा में दूरी या संसाधनों की कमी आड़े नहीं आएगी। 33.33 लाख रुपये की इस राशि से विद्यालय में आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी, जिससे ग्रामीण और स्थानीय छात्राओं को पढ़ाई का एक उत्कृष्ट और प्रतिस्पर्धी माहौल मिल सकेगा।
इस गरिमामयी कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष बसना खुशबू अग्रवाल,पूर्व जिला अध्यक्ष एवं अध्यक्ष शाला प्रबंधन रमेश अग्रवाल,जिला संयोजक आर्थिक प्रकोष्ठ सुमित अग्रवाल, डीईओ महासमुंद बी एल देवांगन,DMC महासमुंद रेखराज शर्मा, प्राचार्य कन्या शाला बसना एन के पंडा,प्राचार्य अंकोरी यजराम सिदार,ADEO बसना लखेश्वर कंवर,BRC बसना अनिल साव,प्रधानपाठक कन्या शाला राजकुमारी गुप्ता,प्राचार्य सेजेस बसना गिरिजा साहू,व्याख्याता सतीश बेहरा,मंच संचालन मनोहर पटेल,APC महासमुंद सम्पा बोस , विधायक निज सचिव नरेंद्र बोरे,कोषाध्यक्ष भाजपा अमृत चौधरी, जनपद सभापति प्रतिनिधि अरुण साहू ,विजय पटेल,सहायक संचालक महासमुंद प्रकाश चंद्र मांझी ,विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में छात्राएं व उनके अभिभावक उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान शाला परिवार और क्षेत्रवासियों ने इस बड़ी सौगात के लिए विधायक डॉ. संपत अग्रवाल का आभार जताया।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts