देशहैदराबाद

23 से 26 जुलाई तक होगा बैलाडीला कबड्डी लीग का आयोजन

  • एनएमडीसी की सीएसआर पहल से बैलाडीला क्षेत्र के 26 गांवों के खिलाड़ियों को मिलेगा मंच

हैदराबाद (विश्व परिवार) । छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में 23 से 26 जुलाई तक बैलाडीला क्षेत्र के 26 गांवों के कबड्डी खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा और दमखम दिखाने का सुनहरा अवसर मिलेगा।
ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को पहचान दिलाने और उन्हें आगे बढ़ने का राष्ट्रीय मंच प्रदान करने के उद्देश्य से नवरत्न कंपनी एनएमडीसी लिमिटेड अपने नैगम सामाजिक दायित्व (सीएसआर) कार्यक्रम के अंतर्गत बैलाडीला कबड्डी लीगका आयोजन कर रही है।
प्रतियोगिता में बचेली एवं किरंदुल क्षेत्र की कुल 26 ग्राम पंचायतों की 24 टीमें भाग लेंगी। बचेली क्षेत्र के मोलसनार, दुगेली, पाढ़ापुर, बेनपाल, बड़े कमेली, कमालूर, झिरका, धुरली, गामावाड़ा, नेरली, बड़े बचेली, मसेनार, गंजेनार एवं भांसी गांवों की टीमें प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगी। वहीं, किरंदुल क्षेत्र से कोडेनार, कड़मपाल, मदाड़ी, चोलनार, टिकनपाल, कलेपाल, समलवार, मड़कामिरास, हिरोली, कुटरेम, गुमियापाल एवं तनेली के खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
प्रतियोगिता के लीग मुकाबले किरंदुल स्थित फुटबॉल स्टेडियम तथा बचेली के हॉकी मैदान में आयोजित किए जाएंगे। प्रतियोगिता का उदघाटन एवं समापन समारोह एनएमडीसी टाउनशिप बचेली स्थित हॉकी मैदान में होगा। इस लीग के सफल आयोजन के लिए वाटर प्रूफ जर्मन हेंगर की व्यवस्था की गई है । मैदान पर खिलाड़ियों की सहूलत के लिए सिंथेटिक रबर मैट बिछाई जा रही है।
एनएमडीसी द्वारा सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को स्पोर्ट्स किट एवं प्रतियोगिता के लिए आवश्यक खेल सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। इस आयोजन का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में खेल संस्कृति को बढ़ावा देना, युवाओं को सकारात्मक दिशा प्रदान करना तथा स्थानीय खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना है।
प्रतियोगिता के दौरान संबंधित ग्राम पंचायतों के सरपंचों सहित विभिन्न जनप्रतिनिधियों, एनएमडीसी के हैदराबाद मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों तथा एनएमडीसी की बैलाडीला लौह अयस्क खदान, किरंदुल एवं बचेली परियोजनाओं के अधिकारियों एवं कार्मिकों तथा श्रम संघ पदाधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। समापन समारोह में विजेता एवं उपविजेता टीमों के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया जाएगा।
एनएमडीसी का यह आयोजन ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को पहचान दिलाने और उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। कंपनी अपने सीएसआर कार्यक्रमों के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कौशल विकास एवं सामुदायिक विकास के क्षेत्र में सतत कार्य करते हुए स्थानीय समुदायों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts