छत्तीसगढ़रायपुर

बैंक ऑफ इंडिया में किसान समृद्धि उत्सव का आयोजन

रायपुर (विश्व परिवार)। आज बैंक ऑफ इंडिया रायपुर अंचल द्वारा किसान माह के अन्तर्गत किसान समृद्धि उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बैंक ऑफ इंडिया के मुख्य महाप्रबन्धक शारदा भूषण राय, गरियाबन्द जनपद के जिला पंचायत अध्यक्ष गौरीशंकर कश्यप, सुधीर वर्मा, उप अभियन्ता, कृषि विभाग छत्तीसगढ़ शासन के साथ ही बैंक के छत्तीसगढ़ राज्य के आंचलिक प्रबन्धक विनय उपकारी तथा उप आंचलिक प्रबन्धक सुदीप नियोगी उपस्थित रहे।
दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का उदघाटन किया गया। आंचलिक प्रबन्धक विनय उपकारी ने सभी का स्वागत करते हुए बैंक द्वारा राज्य में चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी तथा प्रतिभागियों से इन योजनाओं का लाभ उठाने का अनुरोध किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शारदा भूषण राय ने बैंकिंग क्षेत्र के बदलते परिदृश्य पर प्रकाश डालते हुए देश की अर्थव्यवस्था में कृषि के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में भी कृषि क्षेत्र देश का सबसे बड़ा रोजगार का स्रोत है। श्री राय ने बैंक की ऋण सुविधाओं का लाभ उठाने के साथ ही अनुशासित रहने और समय पर ऋण चुकाने के लिए भी प्रेरित किया।
गरियाबन्द जनपद के जिला पंचायत अध्यक्ष गौरीशंकर कश्यप ने छत्तीसगढ़ राज्य में कृषि क्षेत्र में उभरती नयी सम्भावनाओं पर प्रकाश डालते हुए बताया कि अब युवा उद्यमी राज्य के दूर-दराज के क्षेत्रों में भी कृषि की नयी तकनीकी का उपयोग कर रहे हैं। उन्होंने कृषि आधारित उद्योगों के विकास के लिए बैंक ऑफ इंडिया के सहयोग की प्रशंसा की। अतिथि वक्ता, छत्तीसगढ़ राज्य कृषि विभाग के उप-अभियन्ता सुधीर वर्मा ने कृषि यंत्रीकरण अभियान के अन्तर्गत चलायी जा रही योजनाओं तथा वित्तीय अनुदानों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि योजना के अन्तर्गत बारह जनपदों में १३०० कस्टम हायरिंग सेंटर तथा १०० से अधिक फार्म मशीनरी बैंक स्थापित किए गए हैं।
बैंक के स्टार कृषि विकास केन्द्र रायपुर प्रभारी अमृता कुमारी ने बैंक द्वारा चलायी जा रही विभिन्न ऋण योजनाओं जैसे किसान क्रेडिट कार्ड, स्वयं सहता समूह, कृषि यंत्रीकरण, कृषि इन्फ्रास्ट्रक्चर, कृषि वाहन ऋण आदि की जानकारी दी।
कार्यक्रम में किसानों, स्वयं सहता समूहों तथा उद्यमियों सहित कृषि क्षेत्र से जुड़े १६ हितग्राहियों को लगभग चार करोड़ बीस लाख रुपये के ऋण वितरित किए गए। बैंक की योजनाओं का लाभ उठाकर स्थापित किए गए उद्योगों द्वारा अपने उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई गयी। कार्यक्रम में आए किसानों और समूहों की सदस्यों ने अपने अनुभव बताए और सुझाव भी रखे। बैंक की योजनाओं से सम्बन्धित शंकाओं का समाधान किया गया।
कार्यक्रम के अन्त में सभी किसानों को श्रीफल तथा उपवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया तथा सभी आगंतुकों को स्मृति चिह्न दिये गए। उप आंचलिक प्रबन्धक सुदीप नियोगी ने धन्यवाद ज्ञापन कर कार्यक्रम का समापन किया।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts