- महापौर अलका बाघमार ने कहा प्रत्येक वार्ड में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता
दुर्ग (विश्व परिवार)। नगर पालिक निगम दुर्ग द्वारा शहर के विभिन्न वार्डों में आधारभूत अधोसंरचना को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से निरंतर विकास कार्य कराए जा रहे हैं। इसी क्रम में निगम सीमा क्षेत्र अंतर्गत पटरीपार वार्ड क्रमांक-59 में रंजीता पाटिल निवास के समीप 10 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाले सी.सी. रोड निर्माण कार्य का भूमिपूजन महापौर श्रीमती अलका बाघमार ने विधि-विधान के साथ संपन्न कराया।भूमिपूजन कार्यक्रम में लोक कर्म प्रभारी देव नारायण चन्द्राकर, वार्ड पार्षद नीलम शिवेंद्र परिहार, रंजीता पाटिल, शिवेंद्र परिहार, अरुण सिंह, मनमोहन सिंह सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
इस अवसर पर महापौर अलका बाघमार ने वार्डवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि नगर निगम का उद्देश्य प्रत्येक वार्ड में सड़क, नाली, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का बेहतर विस्तार करना है। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्यों के माध्यम से नागरिकों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना निगम की प्राथमिकता है।
शहर के सभी वार्डों में आवश्यकतानुसार विकास कार्यों को चरणबद्ध तरीके से स्वीकृत कर तेजी से पूर्ण कराया जा रहा है, जिससे आमजन को बेहतर नागरिक सुविधाएं मिल सकें।
महापौर ने कहा कि विकास कार्य तभी सार्थक होते हैं जब उनका लाभ सीधे आम नागरिकों तक पहुंचे। नगर निगम जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों के सहयोग से शहर के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रहा है और आगे भी जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।
भूमिपूजन के दौरान वार्डवासियों ने लंबे समय से सड़क निर्माण की मांग पूरी होने पर महापौर का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सी.सी. रोड बनने से क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा तथा बरसात के दिनों में होने वाली समस्याओं से भी राहत मिलेगी। नागरिकों ने नगर निगम द्वारा वार्ड में कराए जा रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए महापौर एवं निगम प्रशासन का धन्यवाद ज्ञापित किया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने भी निर्माण कार्य को समय-सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराने पर बल दिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कार्यक्रम का समापन वार्डवासियों से आत्मीय संवाद एवं विकास कार्यों के प्रति उनकी अपेक्षाओं पर चर्चा के साथ हुआ।







