दुर्ग

दुर्ग निगम में ‘नमस्ते योजना’ के तहत 582 स्वच्छता मित्रों को मिलेगा प्रशिक्षण, पहले चरण में 45 वेस्ट पीकर दीदियों को सिखाए जा रहे सुरक्षा और कौशल के गुर

  • नगर निगम के 582 स्वच्छता मित्रों को 10 चरणों में मिलेगा प्रशिक्षण

दुर्ग (विश्व परिवार)। भारत सरकार की महत्वाकांक्षी ‘नमस्ते योजना’ के अंतर्गत नगर पालिक निगम दुर्ग द्वारा कचरा संग्रहण एवं पृथक्करण का कार्य करने वाले वेस्ट पीकर्स कचरा बीनने वाले स्वच्छता मित्रों के कौशल उन्नयन, सामाजिक सम्मान एवं व्यावसायिक सुरक्षा को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।इसी क्रम में प्रथम चरण का 5 दिवसीय प्रशिक्षण 31 अक्टूबर से प्रारंभ हुआ है, जिसमें 45 वेस्ट पीकर दीदीयों एवं सफाई मित्रों को प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। निगम क्षेत्र के कुल 582 स्वच्छता मित्रों को आगामी दिनों में 10 चरणों में प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि सभी को योजना के प्रावधानों, सुरक्षा उपायों एवं शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी मिल सके,प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों का पंजीयन किया गया है। उन्हें जल्द ही विशेष पहचान पत्र (आईडी कार्ड) जारी किए जाएंगे। इसके माध्यम से वे शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के पात्र होंगे। प्रशिक्षण में आयुष्मान भारत योजना के तहत स्वास्थ्य बीमा, दुर्घटना बीमा, स्वरोजगार के लिए पूंजीगत सब्सिडी एवं बैंक ऋण प्राप्त करने की प्रक्रिया तथा संबंधित विभागों की योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी जा रही है।
इसके साथ ही वेस्ट पीकर दीदीयों को कचरे के उचित पृथक्करण, पीपीई किट के उपयोग, आधुनिक सुरक्षा उपकरणों के संचालन एवं कार्य के दौरान अपनाई जाने वाली आवश्यक सावधानियों का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। प्रशिक्षण का उद्देश्य सफाई मित्रों को सुरक्षित कार्य वातावरण उपलब्ध कराने के साथ उनके जीवन स्तर में सुधार लाना तथा उन्हें समाज में सम्मानजनक पहचान दिलाना है।कार्यक्रम के दौरान निगम स्वास्थ्य अधिकारी दुर्गेश गुप्ता एवं मुख्य प्रशिक्षक सौरभ मिश्रा कैम फाउंडेशन सहित प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे सभी 45 स्वच्छता मित्र उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts