कोंडागाँवछत्तीसगढ़जगदलपुर 

बस्तर में तेज रफ्तार भारी वाहनों का आतंक, 3 हादसों में 4 की मौत; 10 यात्री घायल

जगदलपुर/कोंडागांव (विश्व परिवार)। बस्तर संभाग में तेज रफ्तार भारी वाहनों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीते दो हफ्तों में अलग-अलग सड़क हादसों में चार लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं आज कोंडागांव में बस और ट्रक की भिड़ंत में 10 यात्री घायल हो गए। रेत के अवैध परिवहन से जुड़े बेलगाम टिप्परों पर कार्रवाई नहीं होने से लोगों में भारी नाराजगी है और सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।
तीन हादसे, 4 लोगों की मौत
27 जुलाई को बाड़ांजी थाना क्षेत्र के छापर भानपुरी में तेज रफ्तार टिप्पर ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद 2 अगस्त को रायकोट के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक टिप्पर ने 16 वर्षीय स्कूटी सवार लड़की को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई।
वहीं 4 अगस्त को लोहंडीगुड़ा थाना क्षेत्र के मांदर में तेज रफ्तार टिप्पर ने 3 वर्षीय मासूम की जान ले ली। लगातार हो रही इन घटनाओं से लोगों में भारी नाराजगी है। हालांकि पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बेलगाम टिप्पर वाहनों पर जल्द सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बस और ट्रक की भिड़ंत, 10 यात्री घायल
इधर, कोंडागांव जिले में बस और ट्रक के बीच हुई भिड़ंत में 10 यात्री घायल हो गए। हादसे के बाद सभी घायलों को तत्काल फरसगांव प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts