छत्तीसगढ़रायपुर

तेलीबांधा में गूंजा छत्तीसगढ़ी संस्कृति का उल्लास, हरेली तिहार में उपमुख्यमंत्री अरुण साव के साथ शामिल हुए विधायक पुरन्दर मिश्रा

  • “माटी की महक और हरेली का उल्लास: तेलीबांधा में अरुण साव संग विधायक पुरन्दर मिश्रा ने मनाया छत्तीसगढ़ का लोकपर्व”

रायपुर (विश्व परिवार)। छत्तीसगढ़ की माटी की महक, लोकपरंपराओं की जीवंतता और कृषि संस्कृति के गौरव का पर्व हरेली तिहार बुधवार को रायपुर के तेलीबांधा तालाब में उल्लास एवं पारंपरिक रंगों के साथ मनाया गया। शहर जिला साहू संघ के युवा एवं महिला प्रकोष्ठ द्वारा आयोजित भव्य हरेली तिहार कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री अरुण साव के साथ रायपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के विधायक पुरन्दर मिश्रा सम्मिलित हुए।
हरेली के पावन अवसर पर पारंपरिक विधि-विधान के साथ कृषि औजारों की पूजा-अर्चना की गई। इस दौरान प्रदेश में भरपूर फसल, अन्नदाता किसानों की खुशहाली, सुख-समृद्धि एवं छत्तीसगढ़ की निरंतर प्रगति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की गई।
कार्यक्रम में साहू समाज के युवा एवं महिला प्रकोष्ठ के नवनियुक्त पदाधिकारियों ने अपने दायित्वों के निर्वहन की शपथ ली। विधायक पुरन्दर मिश्रा ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को नई जिम्मेदारियों के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि समाज की शक्ति उसकी एकता, संस्कार और सेवा भावना में निहित है। युवा एवं महिला शक्ति सामाजिक विकास की नई दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
हरेली तिहार के अवसर पर आयोजित यह आयोजन छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, कृषि परंपराओं और सामाजिक समरसता का सुंदर प्रतिबिंब बना। पारंपरिक उत्साह और उमंग के बीच बड़ी संख्या में सामाजिकजनों की सहभागिता ने कार्यक्रम को विशेष गरिमा प्रदान की।
इस अवसर पर साहू समाज के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. नीरेंद्र साहू, विधायक मोतीलाल साहू , विधायक संदीप साहू , छत्तीसगढ़ महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू सहित समाज के पदाधिकारीगण, पार्षदगण एवं बड़ी संख्या में सामाजिकजन उपस्थित रहे।
हरेली केवल पर्व नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की माटी, किसान, संस्कृति और सामूहिक खुशहाली से जुड़ी हमारी गौरवशाली पहचान है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts