छत्तीसगढ़रायपुर

हरेली अमावस्या पर सृष्टि सेवा संकल्प ने दरबा में रोपे 200 पौधे, ग्रामीणों ने लिया संरक्षण का संकल्प

रायपुर (विश्व परिवार)। हरेली अमावस्या के अवसर पर सृष्टि सेवा संकल्प, रायपुर जिला इकाई द्वारा ग्राम दरबा में वृहद वृक्षारोपण एवं वृक्षापोषण कार्यक्रम आयोजित किया गया। पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ते हुए आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीण महिलाओं, बच्चों, पंचायत कमेटी एवं ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम में लगभग 200 पौधों का रोपण किया गया। साथ ही पौधों के नियमित पोषण, सुरक्षा एवं संरक्षण का संकल्प लिया गया। संगठन ने पौधारोपण के साथ उनके संरक्षण को भी अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाते हुए ग्रामीणों को प्रेरित किया कि पौधे को केवल लगाने तक ही सीमित न रखें, बल्कि उसे वृक्ष बनने तक उसकी निरंतर देखभाल करें।
कार्यक्रम में ग्राम दरबा के सरपंच संजय टण्डन एवं पंचायत कमेटी के सदस्यों एवं सृष्टि सेवा संकल्प के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एस. एस. बजाज (सेवा निवृत्त IFS)  का विशेष सहयोग रहा। वहीं सृष्टि सेवा संकल्प के प्रदेश अध्यक्ष सौरभ जैन, प्रदेश मंत्री प्रद्युम बेहरा,  नवीन मोदी सहित संगठन के कार्यकर्ताओं एवं सृष्टिसेवकों की सक्रिय सहभागिता रही।
पौधारोपण कार्यक्रम में ग्रामीण महिलाओं और बच्चों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। बच्चों को पौधों की नियमित देखभाल, पानी देने एवं उनकी सुरक्षा के महत्व की जानकारी दी गई। ग्रामीणों ने लगाए गए पौधों के संरक्षण एवं पोषण की जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया।
सृष्टि सेवा संकल्प के पदाधिकारियों ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं होना चाहिए। पौधे को सुरक्षित रखते हुए उसे वृक्ष के रूप में विकसित करना ही वास्तविक पर्यावरण सेवा है। इसी उद्देश्य से संगठन द्वारा वृक्षारोपण के साथ वृक्षापोषण एवं संरक्षण को जनअभियान का रूप देने का प्रयास किया जा रहा है।
हरेली अमावस्या के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर “पौधा लगाएं, वृक्ष बनने तक उसका संरक्षण करें” का संकल्प भी लिया गया।
200 पौधों की देखभाल की भी जिम्मेदारी
सृष्टि सेवा संकल्प की रायपुर जिला इकाई के अनुसार ग्राम दरबा में लगाए गए लगभग 200 पौधों के नियमित पोषण एवं संरक्षण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके लिए स्थानीय स्तर पर पौधों की देखभाल सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा, ताकि ये पौधे सुरक्षित रूप से विकसित होकर भविष्य में गांव की हरियाली बढ़ाने के साथ पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।
उपरोक्त जानकारी सृष्टि सेवा संकल्प, छत्तीसगढ़ के प्रदेश मीडिया एवं जनसंपर्क प्रभारी मनीष श्रीवास्तव ने दी।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts