- 30 अगस्त से 13 सितंबर तक लग रहा है बेहद आकर्षक “विमर्श कैंप”
तिजारा (विश्व परिवार)। अतिशय क्षेत्र देहरा-तिजारा में होगा महान आतिथ्य। देश और समाज का भविष्य कहलाने वाले बालक-बालिकाएं सीखेंगे विभिन्न गतिविधियों के साथ सद्-संस्कार, अनुशासन, मर्यादा और जीवन को खुशहाल बनाने वाली महत्वपूर्ण शिक्षाएं।
जी हां, 30 अगस्त से 13 सितंबर तक लगने जा रहा है अनूठा, अभूतपूर्व, आकर्षक “विमर्श कैंप”। जिसे संचालित करने वाली साक्षात होंगी परमपूज्य भावलिंगी संत दिगंबराचार्य श्री 108 विमर्शसागर जी महामुनिराज की सुयोग्य शिष्या आर्यिका रत्न श्री विमर्शिताश्री माताजी।
आचार्य गुरुवर की श्रेष्ठ और ज्येष्ठ शिष्या आर्यिका विमर्शिताश्री माताजी स्वयं में ही सम्पूर्ण व्यक्तित्व हैं, उनके अंदर सर्वोच्च गुरु भक्ति, धर्म के प्रति अनूठा समर्पण, हर उम्र के व्यक्ति को समझने और समझाने की अद्भुत कला एवं वर्तमान परिवेश के अनुसार धार्मिक शिक्षा को सरलता से प्रस्तुत करने का अद्भुत हुनर समाहित है। वे जब सभा का संचालन करती हैं तब जनमानस मंत्रमुग्ध सा मात्र सुनता-देखता रहता है।
ऐसे गुणों की धनी आर्यिका माताजी 5 से 15 वर्ष तक के बालक-बालिकाओं में अनूठी पाठशाला “विमर्श कैंप” के माध्यम से संस्कारों का बीजारोपण करेंगी।
प्रतिदिन संध्याबेला में 07:00 बजे से प्रारंभ होगा यह कैंप। आज 30 अगस्त को संध्याबेला में अनूठे “विमर्श कैंप” का शुभारंभ। आचार्य गुरुवर का सम्पूर्ण संघ भी कैंप उद्घाटन में आशीर्वाद देने उपस्थित रहेगा।







