बलौदाबाजार (विश्व परिवार)। जिले के ग्राम रिसदा स्थित न्यू विस्टा सीमेंट संयंत्र में काम के दौरान एक मजदूर की तबीयत अचानक बिगड़ गई। मजदूर को चक्कर आने के बाद कंपनी द्वारा तत्काल इलाज के लिए जिला चिकित्सालय लाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान ग्राम ढनढनी निवासी करीब 50 वर्षीय गिरधर रजक के रूप में हुई है।
शटडाउन में काम कर रहा था मजदूर
बताया जा रहा है कि गिरधर रजक एसके जैन ठेकेदार के अंतर्गत कार्यरत था और वर्तमान में सीमेंट संयंत्र में शटडाउन के दौरान काम कर रहा था। मृतक के साथी पुरुषोत्तम यदु ने बताया कि हम लोग एक साथ काम कर रहे थे कि अचानक साथी भाई गिरधर रजक को चक्कर आया, जिसे हमने तत्काल उसके जूते वगैरह खोले तथा एंबुलेंस बुलाकर जिला चिकित्सालय लाए, जहां इलाज के दौरान मौत हो गई है। जहां पर काम कर रहे थे, वहां खुली जगह थी, पर अचानक कैसे हुआ, पता नहीं चला। घटना के बाद मृतक के कुछ साथियों ने मृतक के परिजन को उचित मुआवजा, परिवार के सदस्य को नौकरी व पेंशन की मांग की है।
मुआवजा और नौकरी की मांग
मृतक की चार लड़कियां हैं, जिसमें एक की शादी हो गई है तथा दो मामा के यहां रहकर पढ़ाई कर रही हैं। वहीं, बाकी परिवार के सदस्य रायगढ़ में रहते हैं, जिनके आने का इंतजार किया जा रहा है। फिलहाल अभी तक मुआवजे के बारे में कोई स्पष्ट निर्णय नहीं हुआ है। यह जरूर पता चला है कि कंपनी द्वारा मृतक के आश्रित परिजन को 20 लाख रुपये, एक सदस्य को नौकरी व पेंशन देने की बात कही जा रही है।
फिलहाल, मृतक का शव जिला चिकित्सालय में रखा गया है तथा परिजनों के आने के बाद ही निर्णय लिया जाएगा।







