भिलाईनगर (विश्व परिवार)। नगर पालिक निगम भिलाई द्वारा शहर में आवारा मवेशियों को पकड़ने एवं यातायात तथा सार्वजनिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए संचालित काउ कैचर अभियान के दौरान शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने के मामले में खुर्सीपार थाना में महिला के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया गया है।
प्राप्त शिकायत के अनुसार दिनांक 05 सितंबर 2026 को नगर निगम के का कैचर दल द्वारा खुर्सीपार क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 46 में रामचंद्र होटल के सामने सार्वजनिक सड़क पर चार लावारिस गाय-बछड़ों को पकड़ने की कार्रवाई की जा रही थी। इसी दौरान वहां मौजूद एक महिला द्वारा निगम की कार्रवाई का विरोध करते हुए कर्मचारियों से विवाद किया गया तथा पकड़े गए मवेशियों को वाहन से उतारने का दबाव बनाया गया। शिकायत में शासकीय कार्य में व्यवधान उत्पन्न करने तथा निगम कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार एवं धमकी देने का भी उल्लेख किया गया है।
घटना की जानकारी निगम के नोडल अधिकारी द्वारा उच्च अधिकारियों को दी गई। इसके पश्चात संबंधित शिकायत थाना खुर्सीपार में प्रस्तुत की गई। पुलिस द्वारा शिकायत की जांच के बाद प्रथम दृष्टया अपराध घटित होना पाए जाने पर भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी गई है।
नगर पालिक निगम भिलाई ने स्पष्ट किया है कि शहर में आवारा मवेशियों को पकड़ने की कार्रवाई जनहित एवं सार्वजनिक सुरक्षा के उद्देश्य से की जा रही है। निगम के शासकीय कार्य में किसी भी प्रकार का व्यवधान उत्पन्न करने, कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार करने अथवा कार्रवाई में बाधा पहुंचाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।







