छत्तीसगढ़रायपुर

सांसद बृजमोहन अग्रवाल की घोषणाओं के लिए 1.15 करोड़ रुपए स्वीकृत, 13 विकास कार्यों को मिलेगी गति

रायपुर (विश्व परिवार)। रायपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद बृजमोहन अग्रवाल के प्रस्ताव पर क्षेत्र के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में 13 विकास कार्यों के लिए 1 करोड़ 15 लाख रुपए की वित्तीय एवं पुनरावंटन स्वीकृति प्रदान की गई है। यह राशि छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण एवं अन्य पिछड़ा वर्ग क्षेत्र विकास प्राधिकरण मद से स्वीकृत की गई है।

स्वीकृत राशि से रायपुर जिले के साथ-साथ बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में जनसुविधा से जुड़े विभिन्न विकास कार्य कराए जाएंगे। इनमें पंचायत भवन में अतिरिक्त कक्ष, सामुदायिक भवन, मुक्तिधाम में अहाता, सीसी रोड और शेड निर्माण जैसे कार्य शामिल हैं।

अभनपुर क्षेत्र में 55 लाख के कार्य

अभनपुर विधानसभा क्षेत्र में कुल 55 लाख रुपए के विकास कार्य स्वीकृत किए गए हैं। ग्राम पंचायत तरी में पंचायत भवन के अतिरिक्त कक्ष निर्माण के लिए 5 लाख रुपए, पारागांव में निषाद समाज सामुदायिक भवन के लिए 10 लाख और मुक्तिधाम में अहाता निर्माण के लिए 5 लाख रुपए स्वीकृत हुए हैं।

इसी तरह कोलियारी में सीसी रोड के लिए 10 लाख और सामुदायिक भवन के लिए 15 लाख रुपए, नवागांव में सर्वसुविधायुक्त सामुदायिक भवन के लिए 10 लाख तथा नवागांव (लखना) में मंदिर के सामने सीसी रोड के लिए 5 लाख रुपए स्वीकृत किए गए हैं।

धरसींवा और तिल्दा क्षेत्र में 45 लाख के विकास कार्य

धरसींवा एवं तिल्दा-नेवरा विकासखंड के अंतर्गत कुल 45 लाख रुपए के कार्य स्वीकृत किए गए हैं। ग्राम सरोरा में कबीर चौक पर शेड निर्माण, सरोरा की पुरानी और नई बस्ती में सीसी रोड, सांकरा के वार्ड क्रमांक 14 और 15 में सीसी रोड तथा सुंगेरा में गणेश तालाब से दूध डेयरी दुकान तक सीसी रोड निर्माण के लिए 10-10 लाख रुपए स्वीकृत किए गए हैं।

भाटापारा क्षेत्र में 15 लाख की स्वीकृति

बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के भाटापारा विधानसभा क्षेत्र में ग्राम पंचायत खोखली में निषाद समाज के सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 10 लाख रुपए और ग्राम रवेली-पड़कीडीह में शीतला मंदिर के पास सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 5 लाख रुपए स्वीकृत किए गए हैं।

सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने विकास कार्यों की स्वीकृति पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और संबंधित प्राधिकरण के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि रायपुर लोकसभा क्षेत्र की जनता उनका परिवार है और क्षेत्र का समग्र विकास उनकी प्राथमिकता है। सीसी रोड, सामुदायिक भवन, धार्मिक स्थलों पर शेड और अहाता निर्माण जैसे कार्यों से ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा।

उन्होंने जिला प्रशासन और संबंधित जनपद पंचायतों के अधिकारियों को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने तथा सभी कार्य तय समय-सीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts