- ‘एस्पायरिंग’ श्रेणी हासिल की, थर्मल पावर सेक्टर में सबसे आगे
रायपुर (विश्व परिवार)। भारत की सबसे बड़ी निजी क्षेत्र की थर्मल पावर उत्पादक कंपनी अदाणी पावर लिमिटेड (एपीएल) ने पर्यावरण, सामाजिक और गवर्नेंस (ESG) के मोर्चे पर अपने प्रदर्शन में और सुधार किया है। एनएसई सस्टेनेबिलिटी के आकलन में कंपनी ने 66 का स्कोर हासिल किया है, जो वित्त वर्ष 2026 के 65 के स्कोर से अधिक है। एपीएल भारत की अन्य सभी प्रमुख थर्मल, मिक्स फ्यूल और इंटीग्रेटेड एनर्जी कंपनियों से आगे बनी हुई है। यह ESG के प्रति कंपनी की निरंतर प्रतिबद्धता और जिम्मेदार व्यावसायिक तौर-तरीकों के साथ सतत विकास पर उसके फोकस को दर्शाता है। कंपनी ‘एस्पायरिंग’ श्रेणी में बनी हुई है।
एनएसई सस्टेनेबिलिटी, एनएसई इंडाइसेज की सहायक कंपनी और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ऑफ इंडिया ग्रुप का हिस्सा है। यह सेबी-रजिस्टर्ड ESG रेटिंग प्रदान करता है। अपने सालाना ESG आकलन के तहत यह भारत की 500 सूचीबद्ध कंपनियों का मूल्यांकन करती है और निवेशकों तथा अन्य हितधारकों को किसी कंपनी की ESG साख और लंबी अवधि में मूल्य सृजन की क्षमता का स्वतंत्र आकलन उपलब्ध कराती है।
बेहतर ESG स्कोर से शेयरधारकों का यह भरोसा मजबूत होता है कि कंपनी का गवर्नेंस मजबूत है, वह उभरते जोखिमों का सामना करने में सक्षम है, लंबी अवधि के निवेशकों के लिए आकर्षक है और समय के साथ सतत मूल्य सृजन करने की मजबूत स्थिति में है।
अदाणी पावर का कई ESG पहलों और परिचालन उत्कृष्टता पर निरंतर फोकस उद्योग के सर्वश्रेष्ठ मानकों के अनुरूप है। कंपनी ने अपना कार्बन फुटप्रिंट कम करने के लिए अल्ट्रा-सुपरक्रिटिकल यूनिट्स जैसी उन्नत कम उत्सर्जन वाली तकनीकों को अपनाया है। इसके साथ ही कंपनी ने निरंतर निगरानी और सुधारात्मक प्रणालियों में निवेश किया है।
ऊर्जा दक्षता से जुड़े उपायों के अलावा कंपनी ने अपने परिचालन में जल संरक्षण और कचरे के जिम्मेदार निपटान को भी प्राथमिकता दी है। सामाजिक मोर्चे पर कंपनी ने सामुदायिक विकास कार्यक्रमों का विस्तार किया है, जिनमें शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा और कौशल विकास पर विशेष जोर दिया गया है।
वंचित विद्यार्थियों के लिए छात्रवृत्ति कार्यक्रम, स्वास्थ्य शिविर और आजीविका बढ़ाने वाली परियोजनाएं समावेशी विकास के प्रति अदाणी पावर की प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं।
गवर्नेंस के मोर्चे पर अदाणी पावर निर्धारित रेगुलेटरी आवश्यकताओं से बेहतर प्रदर्शन करती है। नामांकन एवं पारिश्रमिक समिति में स्वतंत्र निदेशकों का प्रतिशत निर्धारित अनुपालन आवश्यकताओं से बेहतर है। इसी तरह लेखा परीक्षा समिति में स्वतंत्र निदेशकों का प्रतिनिधित्व वैधानिक दिशानिर्देशों से बेहतर है और जोखिम प्रबंधन समिति की संरचना में स्वतंत्र निदेशकों की भागीदारी निर्धारित सीमा से अधिक है।
कंपनी ने आपूर्तिकर्ताओं और ठेकेदारों के लिए भी कड़े ESG मानक अपनाए हैं, जिससे पूरी मूल्य श्रृंखला में जिम्मेदार व्यावसायिक तौर-तरीकों को सुनिश्चित किया जा सके।
हालिया रेटिंग्स में एपीएल ने एसएंडपी ग्लोबल के कॉरपोरेट सस्टेनेबिलिटी असेसमेंट (CSA) में 71/100 का उत्कृष्ट स्कोर हासिल किया है। वहीं, एफटीएसई रसेल ESG रेटिंग में 4.3/5.0 का स्कोर मिला है। वित्त वर्ष 2026 के लिए केयरएज ESG रेटिंग में एपीएल को 80/100 का स्कोर और ‘लीडरशिप’ स्थान मिला है, जो उद्योग के औसत स्कोर से 35% बेहतर है। ये स्वतंत्र आकलन ESG के प्रति एपीएल की निरंतर प्रतिबद्धता को रेखांकित करते हैं।







