छत्तीसगढ़रायपुर

ढाई वर्ष की विकास यात्रा : रायपुर उत्तर में 438 विकास कार्यों को मिली गति

  • 1722.40 करोड़ की विभागीय समेकित राशि से विकास कार्यों का विस्तार, 320 कार्य पूर्ण, 78 प्रगतिरत और 40 कार्य प्रारंभ/प्रक्रियाधीन

रायपुर (विश्व परिवार)। रायपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र में ढाई वर्ष की विकास यात्रा के दौरान सड़क, यातायात, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, जल निकासी और नागरिक सुविधाओं के क्षेत्र में व्यापक विकास कार्यों को गति मिली है। विधायक पुरन्दर मिश्रा ने 1 जनवरी 2024 से 31 अगस्त 2026 तक अपने कार्यकाल के दौरान क्षेत्र की आवश्यकताओं और नागरिकों की समस्याओं को प्राथमिकता देते हुए विभिन्न विभागों एवं एजेंसियों के माध्यम से विकास कार्यों को आगे बढ़ाया।

विधायक ने क्षेत्र के विभिन्न वार्डों और इलाकों का लगातार दौरा कर नागरिकों से संवाद किया तथा उनकी समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय किया। ढाई वर्ष की इस विकास यात्रा में विभिन्न विभागों एवं एजेंसियों के माध्यम से कुल 438 विकास कार्यों के लिए 1722.40 करोड़ रुपए की विभागीय समेकित राशि का प्रावधान/स्वीकृति हुई है। इनमें 320 कार्य पूर्ण, 78 कार्य प्रगतिरत तथा 40 कार्य प्रारंभ या प्रक्रियाधीन हैं।

विकास कार्यों का आंकड़ा

नगर निगम के माध्यम से 401 कार्यों के लिए 48.80 करोड़ रुपए स्वीकृत/प्रावधानित किए गए हैं। इनमें 307 कार्य पूर्ण, 68 प्रगतिरत और 26 प्रारंभ/प्रक्रियाधीन हैं।

लोक निर्माण विभाग के 17 कार्यों के लिए 1295.71 करोड़ रुपए की राशि का प्रावधान है। इनमें एक कार्य पूर्ण, तीन प्रगतिरत और 13 कार्य प्रारंभ/प्रक्रियाधीन हैं।

इसके अलावा 700-बेड मेडिकल कॉलेज भवन एवं उपकरण के लिए 376 करोड़ रुपए की परियोजना प्रक्रियाधीन है। जिला खनिज संस्थान न्यास के माध्यम से 19 कार्यों के लिए 1.89 करोड़ रुपए स्वीकृत हैं, जिनमें 12 कार्य पूर्ण और 7 प्रगतिरत हैं।

कनेक्टिविटी और यातायात सुधार को गति

रायपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र में आवागमन और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लोक निर्माण विभाग के माध्यम से कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है।

कचना-खम्हारडीह रेलवे ओवरब्रिज ढाई वर्ष की प्रमुख उपलब्धियों में शामिल है। 39.44 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित यह ओवरब्रिज पूर्ण हो चुका है और 22 मई 2026 को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इसका लोकार्पण किया।

इसके अलावा कई बड़ी परियोजनाएं प्रक्रियाधीन हैं। इनमें—

  • जी.ई. रोड पर गुरु तेग बहादुर उद्यान से नेताजी सुभाष चौक, तेलीबांधा तक 152.34 करोड़ रुपए का फ्लाईओवर।
  • खालसा स्कूल से पंडरी होते हुए मोवा थाना तक 564.98 करोड़ रुपए के फ्लाईओवर ब्रिज का प्रस्ताव।
  • शंकर नगर विधानसभा मार्ग के टर्निंग प्वाइंट पर 160.63 करोड़ रुपए के ग्रेड सेपरेटर का प्रस्ताव।
  • मोवा अंडरपास से लाभांडी होते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग-53 तक मार्ग निर्माण, जिसमें 6 ओवरब्रिज/डबल डेकर ब्रिज का प्रावधान है।
  • देवेंद्र नगर-मंडी गेट-कापा मार्ग पर वाल्टेयर लाइन में 55.79 करोड़ रुपए के अंडरब्रिज का प्रस्ताव।
  • पंडरी साई मंदिर क्षेत्र, देवेंद्र नगर, एनआईसी कॉलोनी एवं गोल्डन होम्स क्षेत्र में 38.65 करोड़ रुपए के सड़क निर्माण कार्य।
  • न्यू शांतिनगर, राजातालाब, शंकरनगर एवं राजीवनगर में 38.29 करोड़ रुपए के मार्ग निर्माण कार्य।
  • गायत्रीनगर, गीतांजलीनगर एवं कवितानगर क्षेत्र में 40.59 करोड़ रुपए के मार्ग निर्माण कार्य शामिल हैं।

लोक निर्माण विभाग से संबंधित कार्यों का कुल महायोग 1295.71 करोड़ रुपए है।

स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर जोर

रायपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को भी प्राथमिकता दी गई है। 700-बेड मेडिकल कॉलेज भवन एवं उपकरण व्यवस्था के लिए 376 करोड़ रुपए की परियोजना प्रक्रियाधीन है।

स्वास्थ्य क्षेत्र में सिकल सेल परियोजना के लिए 81 करोड़ रुपए, डॉक्टरों के हॉस्टल के लिए 61 करोड़ रुपए, कैंसर हॉस्पिटल एक्सटेंशन के लिए 40 करोड़ रुपए, पीजी गर्ल्स हॉस्टल के लिए 3 करोड़ रुपए, गर्ल्स हॉस्टल के लिए 10 करोड़ रुपए तथा क्लास-3 और क्लास-4 कर्मचारियों के आवास के लिए 10 करोड़ रुपए के कार्यों को भी गति दी जा रही है।

शिक्षा और सामाजिक अधोसंरचना का विस्तार

विधानसभा क्षेत्र के विद्यालयों में मरम्मत और जीर्णोद्धार के साथ पुस्तकालय, लैब, स्टूडियो, रीडिंग रूम तथा अन्य शैक्षणिक सुविधाओं से जुड़े कार्य किए जा रहे हैं। विभिन्न क्षेत्रों में आंगनबाड़ी भवन और सामुदायिक भवनों के निर्माण को भी प्राथमिकता दी गई है।

ढाई वर्ष की प्रमुख उपलब्धियां

  1. 39.44 करोड़ रुपए की लागत से कचना-खम्हारडीह रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण पूर्ण और 22 मई 2026 को लोकार्पण।
  2. नगर निगम के माध्यम से 401 विकास कार्य, जिनमें 307 पूर्ण और 68 प्रगतिरत।
  3. जिला खनिज संस्थान न्यास के माध्यम से 1.89 करोड़ रुपए के 19 कार्य, जिनमें 12 पूर्ण और 7 प्रगतिरत।
  4. जी.ई. रोड पर गुरु तेग बहादुर उद्यान से नेताजी सुभाष चौक, तेलीबांधा तक 152.34 करोड़ रुपए का फ्लाईओवर प्रक्रियाधीन।
  5. 700-बेड मेडिकल कॉलेज भवन एवं उपकरण व्यवस्था के लिए 376 करोड़ रुपए की परियोजना प्रक्रियाधीन।
  6. खालसा स्कूल-पंडरी-मोवा थाना मार्ग पर 564.98 करोड़ रुपए के फ्लाईओवर का प्रस्ताव।
  7. शंकर नगर क्षेत्र में 160.63 करोड़ रुपए के ग्रेड सेपरेटर का प्रस्ताव।
  8. विद्यालयों में मरम्मत, जीर्णोद्धार और शैक्षणिक सुविधाओं का विस्तार।
  9. विभिन्न क्षेत्रों में आंगनबाड़ी एवं सामुदायिक भवनों से जुड़े विकास कार्य।
  10. देवेंद्र नगर-मंडी गेट-कापा मार्ग पर 55.79 करोड़ रुपए के अंडरब्रिज का प्रस्ताव।

नगर निगम चुनाव से पहले विकास कार्यों को मिली गति

विधायक बनने के बाद पुरन्दर मिश्रा ने विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न वार्डों और क्षेत्रों में लगातार जनसंपर्क कर नागरिकों की समस्याओं को समझा और उनके समाधान के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय किया।

नगर निगम चुनाव से पहले 22 वार्डों वाले क्षेत्र में पहले वर्ष में 22 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों को स्वीकृति दिलाई गई। परिसीमन के बाद रायपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र में अब 16 वार्ड हैं। इनमें से 14 वार्डों में भाजपा की जीत को विधायक ने जनता के विश्वास और विकास कार्यों के प्रति समर्थन का प्रतीक बताते हुए क्षेत्रवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

आने वाले समय में 160.62 करोड़ रुपए के प्रमुख प्रस्ताव

रायपुर उत्तर के विकास को और गति देने के लिए आने वाले समय में कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं प्रस्तावित हैं। इनमें—

  • खम्हारडीह में 25 डब्ल्यू उच्च स्तरीय जलागार — 23.34 करोड़ रुपए
  • अग्रसेन चौक के पास भैंसथान में वर्किंग वूमेन हॉस्टल — 17 करोड़ रुपए
  • सड़क, नाली, पुलिया, नाला एवं भवन निर्माण के विभिन्न कार्य — 35.28 करोड़ रुपए
  • ग्रास मेमोरियल स्कूल मैदान में खेल मैदान — 15 करोड़ रुपए
  • पंडरी कमर्शियल कैंपस — 67 करोड़ रुपए
  • गीतांजली नगर एवं गायत्री नगर में पक्का नाला, नाली एवं पुलिया — 3 करोड़ रुपए

इन प्रस्तावित कार्यों की कुल राशि 160.62 करोड़ रुपए है।

सुगम, स्वच्छ और सुविधा-संपन्न रायपुर उत्तर प्राथमिकता

विधायक पुरन्दर मिश्रा ने कहा कि आने वाले समय में रायपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र में सड़क, यातायात, जल निकासी, पेयजल, पार्किंग, स्वच्छता और अन्य नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाना प्राथमिकता रहेगी।

उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान और क्षेत्र का समग्र विकास ही प्राथमिकता है। प्रक्रियाधीन बड़ी परियोजनाओं को गति देने के साथ सड़क, नाली, पेयजल, यातायात और नागरिक सुविधाओं के क्षेत्र में लगातार काम किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास विकास की सबसे बड़ी ताकत है। इसी विश्वास के साथ रायपुर उत्तर को और बेहतर, विकसित एवं सुविधा-संपन्न विधानसभा क्षेत्र बनाने के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेंगे।

विधायक पुरन्दर मिश्रा ने विकास यात्रा में सहयोग और विश्वास प्रदान करने के लिए रायपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र की जनता, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व वाली सरकार तथा भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

“जनता का विश्वास हमारी ताकत है और जनसेवा हमारा संकल्प।”

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts