- स्वच्छता दीदियों और स्वच्छता कर्मचारियों का हुआ सम्मान
कवर्धा (विश्व परिवार)। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को नगर पालिका परिषद कार्यालय में स्वच्छता सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सुबह-सुबह कलेक्टर कार्यालय परिसर में साफ-सफाई अभियान चलाकर स्वच्छता का संदेश दिया गया तथा स्वच्छता सम्मान कार्यक्रम अंतर्गत नगर पालिका के स्वच्छता कार्य से जुड़े सफाई कर्मचारियों एवं स्वच्छता दीदियों को प्रशस्ति पत्र एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया।
स्वच्छता के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर पालिका परिषद कवर्धा अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान से देशभर में स्वच्छता के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के स्वच्छता संबंधी विचारों और उनके सपनों को देशभर में जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया है। इसके परिणामस्वरूप आम नागरिकों में स्वच्छता के प्रति सोच और व्यवहार में व्यापक एवं अमूलचूक परिवर्तन आया है उन्होनें कहा कि कवर्धा शहर की स्वच्छता दीदियां और सफाई कर्मचारी दिन-रात, पूरे वर्ष ठंड, गर्मी, दोपहर, बारिश सहित हर मौसम और विपरीत परिस्थितियों में पूरी निष्ठा, तन्मयता एवं ईमानदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हैं। इनके अथक परिश्रम से ही शहरवासियों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने और कवर्धा शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में महत्वपूर्ण योगदान मिल रहा है।
स्वच्छता से जुडे कर्मचारियों का हुआ सम्मान
स्वच्छता कर्मियों का कार्य केवल सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि वे शहर के स्वास्थ्य, स्वच्छ वातावरण और बेहतर जीवनशैली की नींव मजबूत करने का कार्य कर रहे हैं। इनके निरंतर परिश्रम और समर्पण के कारण ही स्वच्छता अभियान को जनभागीदारी का स्वरूप मिल रहा है। आज गांधी जयंती के अवसर पर स्वच्छता दीदियों एवं सफाई कर्मचारियों का सम्मान करते हुए हम स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं।
स्वच्छता दीदी व स्वच्छता कर्मचारियों की भूमिका महत्तवपूर्ण-सीएमओं
मुख्य नगर पालिका अधिकारी नारायण साहू ने भी स्वच्छता दीदियों एवं स्वच्छता कर्मचारियों का सम्मान करते हुए कहा कि नगर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने में स्वच्छता दीदियों और सफाई कर्मचारियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। वे प्रतिदिन नियमित रूप से अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए शहर को स्वच्छ रखने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्वच्छता दीदियां एवं सफाई कर्मचारी विपरीत परिस्थितियों में भी पूरी जिम्मेदारी और मेहनत के साथ कार्य करते हैं। उनके परिश्रम से शहर में स्वच्छता व्यवस्था बेहतर होती है और आम नागरिकों को स्वच्छ वातावरण मिलता है। उन्होंने सभी स्वच्छता कर्मियों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि नगर पालिका परिषद उनके योगदान को सदैव सम्मान की दृष्टि से देखती है।
इन कर्मचारियों का हुआ सम्मान
सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत स्वच्छता दीदी एवं सफाई मित्रों का सम्मान किया गया है जिसमें नगर पालिका के कर्मचारी मनोज मोंगरे, दीपक चौहान, राजा मोंगरे, रोशन ठाकुर, नवीन कुलदीप, दिलावर मोंगरे, विकास बिछिया, सरस्वती बघेल, जितेन्द्र मानिकपुरी, संजीत लांझी, अगर दास, मन्नू पटेल, अंजोर बाई, अघहन बाई, रूबीना खान, उर्मिला टंडन, शकुन धुर्वे, जाकी बंसोड, पुष्पा कुर्रे एवं जय मां दुर्गा प्रबंधन समिति को सम्मान प्रदान किया गया।
इस अवसर अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवशी के साथ उपाध्यक्ष पवन जायसवाल, सभापति देवकुमार साहू, पार्षद योगेश चंद्रवंशी, डोनेश राजपूत, संजीव कुर्रे, मुख्य नगर पालिका अधिकारी नारायण साहू, स्वच्छता समन्वयक होमेश मानिकपुरी, संजय पाल सहित कर्मचारीगण अधिक संख्या में उपस्थित थे।







