भिलाईनगर (विश्व परिवार)। नगर पालिक निगम भिलाई आयुक्त सुरूचि सिंह एवं स्वास्थ्य अधिकारी के निर्देशानुसार निगम क्षेत्र में स्वच्छता एवं व्यवस्थाओं को बनाए रखने के लिए लगातार निरीक्षण एवं चालानी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में जोन क्रमांक-01 अंतर्गत वार्ड क्रमांक-08 कृष्णा नगर क्षेत्र में निगम की टीम द्वारा विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान कुछ प्रतिष्ठानों में अनुज्ञप्ति लाइसेंस नहीं पाए जाने, सड़क पर बाधा उत्पन्न करने तथा प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग किए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध नियमानुसार चालानी कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान श्री राम ट्रेडर्स पर अनुज्ञप्ति लाइसेंस नहीं होने पर 1000 रुपए, धीरज ट्रेडर्स कबाड़ी पर अनुज्ञप्ति लाइसेंस के लिए 4000 रुपए तथा सड़क बाधा के लिए 1000 रुपए, जबकि श्री वेंकटेश्वर राव पर सिंगल यूज प्लास्टिक पाए जाने पर 500 रुपए का जुर्माना लगाया गया। इस प्रकार निगम की टीम द्वारा कुल 6500 रुपए की चालानी राशि वसूल की गई। निगम अधिकारियों ने प्रतिष्ठान संचालकों को भविष्य में आवश्यक अनुज्ञप्ति लेकर ही व्यवसाय संचालित करने, सड़क पर किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न नहीं करने तथा सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने की समझाइश दी। निगम द्वारा शहर में स्वच्छता, यातायात व्यवस्था एवं सार्वजनिक स्थानों को व्यवस्थित बनाए रखने के लिए इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रखने की बात कही गई है।







