दुर्ग

सफाई मित्रों को हेल्थ कार्ड एवं आयुष्मान कार्ड का वितरण, एमआरएफ प्लांटों में स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित

  • स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत सफाई मित्रों ने लिया स्वच्छ एवं स्वस्थ शहर के निर्माण में सहभागिता का संकल्प

दुर्ग (विश्व परिवार)। नगर पालिक निगम। स्वच्छता ही सेवा अभियान के अंतर्गत सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आयोजित सफाई मित्र सुरक्षा एवं सम्मान समारोह का नगर पालिक निगम दुर्ग में सीधा प्रसारण किया गया। इस अवसर पर महापौर अलका बाघमार, एमआईसी सदस्य, पार्षदगण, स्वास्थ्य अधिकारी, निगम के अधिकारी-कर्मचारी, सफाई मित्र एवं स्वच्छता दीदियां उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के दौरान शहर की स्वच्छता व्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले सफाई मित्रों का सम्मान किया गया। सफाई मित्रों के स्वास्थ्य एवं सामाजिक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उन्हें हेल्थ कार्ड प्रदान किए गए। वहीं नमस्ते योजना के अंतर्गत सफाई मित्रों को आयुष्मान कार्ड का वितरण भी किया गया, ताकि वे शासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।

इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने सफाई मित्रों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि शहर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाए रखने में सफाई मित्रों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उनके कार्यों के सम्मान के साथ-साथ उनके स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं सामाजिक कल्याण को प्राथमिकता देना आवश्यक है।

एमआरएफ प्लांटों में स्वास्थ्य परीक्षण एवं स्वच्छता शिविर

स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत नगर पालिक निगम दुर्ग के विभिन्न एमआरएफ प्लांटों में विशेष स्वच्छता शिविर एवं स्वास्थ्य परीक्षण कैंप भी आयोजित किए गए। शिविर में कार्यरत सफाई मित्रों एवं स्वच्छता कर्मियों के स्वास्थ्य की जांच की गई तथा उन्हें स्वच्छता एवं स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी प्रदान की गई।

इस दौरान सफाई मित्रों को कार्यस्थल पर आवश्यक स्वच्छता, सुरक्षा एवं स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों के प्रति जागरूक किया गया। नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के माध्यम से सफाई कार्य से जुड़े कर्मचारियों के स्वास्थ्य की देखभाल तथा आवश्यकता पड़ने पर समय पर चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।

नगर पालिक निगम दुर्ग द्वारा आयोजित इन गतिविधियों के माध्यम से सफाई मित्रों के सम्मान, स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करने का संदेश दिया गया। साथ ही नागरिकों से अपील की गई कि वे घर एवं प्रतिष्ठानों से निकलने वाले कचरे का उचित पृथक्करण करें, सफाई मित्रों के कार्य में सहयोग प्रदान करें तथा उनके प्रति सम्मानजनक व्यवहार रखें।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, सफाई मित्रों एवं स्वच्छता कर्मियों ने स्वच्छता को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने तथा स्वच्छ, स्वस्थ एवं सुंदर दुर्ग शहर के निर्माण में सक्रिय सहभागिता का संकल्प लिया।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts